पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर की पहचान, आरोपी मो. मुस्ताक गद्दी गिरफ्तार
जमशेदपुर : 13 अक्टूबर की शाम, बिष्टुपुर स्थित डीसी लाउंज में हुई तोड़फोड़ की घटना का पुलिस ने शुक्रवार को खुलासा कर दिया है। इस मामले में मुख्य आरोपी मो. मुस्ताक गद्दी (उम्र 37 वर्ष) को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। आरोपी के पास से लोहे की रॉड भी जब्त की गई है, जिसका प्रयोग उसने तोड़फोड़ के दौरान किया था।
सीसीटीवी से मिला सुराग, एसआईटी टीम ने की कार्रवाई
सिटी एसपी कुमार शिवाषीश ने बताया कि घटना के बाद एसएसपी के निर्देश पर एक एसआईटी टीम बनाई गई थी, जिसका नेतृत्व डीएसपी सीसीआर मनोज ठाकुर कर रहे थे। जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण किया गया, जिसमें आरोपी को लोहे की रॉड लेकर डीसी लाउंज के सैलून में घुसते हुए देखा गया।
सीसीटीवी के आधार पर मो. मुस्ताक गद्दी की पहचान हुई और उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
जानबूझकर की गई थी तोड़फोड़, पारिवारिक रंजिश निकली वजह
पुलिस के अनुसार, आरोपी के भतीजे के साथ साकची क्षेत्र में कुछ युवकों ने मारपीट की थी। मारपीट करने वालों में से एक युवक डीसी लाउंज के संचालक का रिश्तेदार था। इसी बात से गुस्से में आकर मो. मुस्ताक ने बिष्टुपुर के डीसी लाउंज को टारगेट किया और वहां तोड़फोड़ कर दी।
अन्य थानों में भी दर्ज हैं केस
इस मामले से संबंधित दो अन्य प्राथमिकी भी बिष्टुपुर एवं साकची थाना क्षेत्रों में दर्ज हैं। पुलिस इन मामलों की अलग से जांच कर रही है।
फिलहाल, मो. मुस्ताक गद्दी को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है और आगे की कार्रवाई जारी है।

विधायक सरयू राय ने प्रशासन पर कार्रवाई का दिया था दबाव
जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरजू राय ने कल घटनास्थल पर जाकर डीसी लाउंज के संचालक से मिलकर पूरी जानकारी ली थी और घटना के अभियुक्त को गिरफ्तार नहीं किए जाने पर पुलिस प्रशासन पर अपनी नाराजगी जाहिर की थी। उन्होंने एसएसपी से इस मामले में बिष्टुपुर थाना प्रभारी की भूमिका की भी जांच करने को कहा।



