
भालूबासा में श्री श्री बजरंग विजय मंदिर द्वारा भव्य रामनवमी महोत्सव 2026 का आयोजन
19 मार्च से 28 मार्च 2026 तक चलेगा महोत्सव
48 घंटे अखंड हरि नाम संकीर्तन और 36 घंटे रामायण पाठ
24 मार्च को निकलेगी भव्य कलश यात्रा
रामनवमी पर अखाड़ा प्रदर्शन और भजन संध्या मुख्य आकर्षण
19 से 28 मार्च तक धार्मिक उल्लास में डूबेगा पूरा क्षेत्र
जमशेदपुर : भालूबासा स्थित श्री श्री बजरंग विजय मंदिर परिसर में इस वर्ष भी जम्बू अखाड़ा द्वारा पारंपरिक धूमधाम के साथ विशाल रामनवमी महोत्सव 2026 का आयोजन किया जा रहा है। हर वर्ष की तरह इस बार भी आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है। पूरा क्षेत्र राममय वातावरण में सराबोर रहेगा।
यह दस दिवसीय धार्मिक-सांस्कृतिक आयोजन चैत्र शुक्ल पक्ष प्रतिपदा (19 मार्च 2026) से प्रारंभ होकर 28 मार्च 2026 को दशमी तिथि के दिन भव्य विसर्जन शोभा यात्रा के साथ संपन्न होगा।
48 घंटे अखंड संकीर्तन से होगा शुभारंभ
बंगाल और झारखंड की मंडलियां लेंगी भाग
महोत्सव का आगाज 19 मार्च को श्री हरि राम नाम संकीर्तन से होगा, जो लगातार 48 घंटे यानी 21 मार्च तक चलेगा। इस दौरान झारखंड और पश्चिम बंगाल की विभिन्न कीर्तन मंडलियां अपनी भक्ति प्रस्तुतियों से वातावरण को भक्तिमय बनाएंगी।
इसके बाद 22 और 23 मार्च को 36 घंटे का संपूर्ण रामायण पाठ आयोजित किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होंगे।
24 मार्च को निकलेगी भव्य कलश यात्रा
झांकियों, नृत्य और आतिशबाजी से सजेगा मार्ग
षष्ठी तिथि यानी 24 मार्च को शाम 5 बजे भव्य कलश यात्रा निकाली जाएगी। इस यात्रा में 15 व्रतधारी युवक कलश लेकर शामिल होंगे। डंका, ताशा, सिंह बाजा और ढाकी दल के साथ यह शोभायात्रा जम्बू अखाड़ा से प्रारंभ होकर गांधी घाट, मानगो तक जाएगी।
वहां जल भरने के बाद यात्रा साकची गोल चक्कर होते हुए विजय हनुमान मंदिर, भालूबासा वापस लौटेगी। यात्रा के दौरान आकर्षक विद्युत सज्जा और आतिशबाजी मुख्य आकर्षण होंगे।
इस दौरान पंचमुखी हनुमान, तिरुपति बालाजी और द्वारकाधीश की जीवंत झांकियां प्रस्तुत की जाएंगी। हरियाणा के अमित एंड ग्रुप द्वारा विशेष नृत्य प्रस्तुति दी जाएगी, जबकि शाम को तराना ग्रुप द्वारा भजन संध्या आयोजित होगी।

25 से 27 मार्च: पूजा, आरती और अखाड़ा प्रदर्शन
भजन संध्या में नामी कलाकारों की प्रस्तुति
महासप्तमी, महाअष्टमी और रामनवमी के अवसर पर 25 से 27 मार्च तक हनुमानजी की विशेष पूजा, ध्वजा पूजन और शस्त्र पूजन किया जाएगा। प्रतिदिन संध्या आरती के बाद अखाड़ा के प्रशिक्षित खिलाड़ियों द्वारा करतबबाजी का प्रदर्शन किया जाएगा।
भजन संध्या में धनबाद की मानवी सिंह, प्रयागराज के दीपक राठौर और श्रद्धा दास अपनी प्रस्तुति देंगे। मंदिर परिसर को चंदन नगर से आई विशेष विद्युत सज्जा से सजाया जाएगा।
28 मार्च को भव्य विसर्जन शोभा यात्रा
ऐतिहासिक झांकियां और सांस्कृतिक प्रस्तुति होंगी आकर्षण
महोत्सव का समापन 28 मार्च (शनिवार) को भव्य विसर्जन शोभा यात्रा के साथ होगा। इस दौरान अखाड़ा के खेल-कूद प्रदर्शन के साथ रामगढ़ का डंका-ताशा दल, ढाकी बाजा और संबलपुरी सिंग बाजा माहौल को जीवंत बनाएंगे।
हरियाणा का अमित एंड ग्रुप अघोरी नृत्य झांकी प्रस्तुत करेगा। साथ ही भगवान बुद्ध के वैश्विक शांति संदेश पर आधारित झांकी विशेष आकर्षण का केंद्र होगी।
इसके अलावा श्रवण कुमार, निताई गौड़, महाराणा प्रताप और छत्रपति शिवाजी महाराज की जीवंत झांकियां भी दर्शकों को आकर्षित करेंगी।
सुरक्षा और सुविधाओं पर विशेष ध्यान
महोत्सव के सफल आयोजन के लिए जम्बू अखाड़ा समिति के 150 सक्रिय सदस्य सेवा में तैनात रहेंगे। मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे तथा अग्निशमन यंत्रों की भी व्यवस्था की गई है।
श्रद्धालुओं के लिए प्रतिदिन भोग-प्रसाद और शीतल जल की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
श्रद्धालुओं से सहभागिता की अपील
जम्बू अखाड़ा समिति ने सभी नगरवासियों, श्रद्धालुओं और धर्मप्रेमियों से इस भव्य महोत्सव में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की है।






