
मजदूरों पर हमले, श्रम कानून उल्लंघन और सुरक्षा लापरवाही की शिकायत
जमशेदपुर : युवा मजदूर नेता राजीव पाण्डेय ने मंगलवार को मुख्य कारखाना निरीक्षक, झारखंड सरकार से मुलाकात कर उद्योग क्षेत्र में बढ़ते श्रम कानून उल्लंघन, मजदूरों की सुरक्षा और हाल में हुए हमले को लेकर विस्तृत शिकायत दर्ज कराई।
उन्होंने बताया कि कंपनी द्वारा—
मजदूर पर हुए हमले,
श्रम कानूनों का घोर उल्लंघन,
सुरक्षा मानकों की सिस्टमेटिक अनदेखी,
और मजदूरों पर भय और शोषण का वातावरण
लगातार गंभीर होता जा रहा है।
मनीष बाजपेई की मौत के मामले में कंपनी की लापरवाही भी उठाया मुद्दा
राजीव पाण्डेय ने कहा कि मृतक मनीष बाजपेई के मामले में कंपनी की लापरवाही स्पष्ट रूप से सामने आती है।
उन्होंने मुख्य कारखाना निरीक्षक को बताया कि:
“कंपनी ने सुरक्षा नियमों का पालन नहीं किया, जिसके कारण मजदूर की जान गई। इसके बाद भी कंपनी प्रबंधन ने घटना को छुपाने और दबाने का प्रयास किया।”
मुख्य कारखाना निरीक्षक ने किया मामले का संज्ञान
मुख्य कारखाना निरीक्षक ने सभी तथ्यों को गंभीरता से सुनते हुए कहा कि मामले की जांच कर नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
उच्च अधिकारियों से कार्रवाई की मांग
राजीव पाण्डेय ने जल्द ही डीजीपी से भी निम्नलिखित मांगें उठाने की बात कही—
- कांड्रा थाना प्रभारी पर उच्च स्तरीय विभागीय कार्रवाई
मजदूरों की शिकायतों को गंभीरता से नहीं लेने और निष्पक्ष जांच नहीं कराने का आरोप।
- हमले की घटना की CID से स्वतंत्र जांच
ताकि किसी भी तरह की सांठगांठ या दबाव जांच को प्रभावित न कर सके।
- मजदूर नेता पर दर्ज झूठे मुकदमे को FRT कर समाप्त किया जाए
मजदूर आवाज़ उठाने वालों को डराने-धमकाने की प्रवृत्ति के खिलाफ सख्त रुख की मांग।
- हमले में शामिल कंपनी अधिकारियों और सुरक्षा कर्मियों की तत्काल गिरफ्तारी
- CCTV फुटेज जब्त कर सुरक्षित रखा जाए
ताकि साक्ष्य से छेड़छाड़ न हो सके।
मजदूर हितों की रक्षा के लिए जारी रहेगा संघर्ष
राजीव पाण्डेय ने कहा कि मजदूरों की सुरक्षा, सम्मान और न्याय सुनिश्चित होने तक संघर्ष जारी रहेगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि सरकार और प्रशासन इस गंभीर मुद्दे पर त्वरित एवं निष्पक्ष कदम उठाएंगे।





