एग्रिको आवास पर पारंपरिक विधि-विधान से हुआ पूजन, परिवार संग की गौसेवा
झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और ओडिशा के पूर्व राज्यपाल रघुवर दास ने बुधवार को जमशेदपुर के एग्रिको स्थित अपने आवास पर पारंपरिक श्रद्धा और विधि-विधान से गोवर्धन पूजा संपन्न की। इस अवसर पर उन्होंने गौरा-गौरी और गोवर्धन पर्वत की पूजा करते हुए गौमाता को खिचड़ी व गुड़ का भोग अर्पित किया।
उन्होंने पूजा के दौरान राज्यवासियों के सुख, समृद्धि, आरोग्यता और खुशहाली की प्रार्थना की। इस पारिवारिक पूजा कार्यक्रम में उनकी पत्नी रुक्मिणी देवी, पुत्र ललित दास, और पुत्रवधू एवं भाजपा विधायक पूर्णिमा साहू भी मौजूद रहीं।

पारंपरिक संस्कृति और लोक परंपराओं के संरक्षण का दिया संदेश
पूजा स्थल पर रघुवर दास और उनके परिवार ने गौसेवा कर यह संदेश दिया कि हमारी लोक परंपराएं न केवल धार्मिक आस्था, बल्कि सांस्कृतिक पहचान का भी प्रतीक हैं। उन्होंने कहा कि इस तरह के पर्व हमें पर्यावरण संरक्षण, प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता, और समाज में एकता और सामूहिकता का संदेश देते हैं।
सोहराय, बांदना पर्व और गोवर्धन पूजा पर रघुवर दास ने दी शुभकामनाएं
इस अवसर पर रघुवर दास ने राज्यवासियों को आदिवासी सभ्यता और जनजातीय संस्कृति के प्रतीक पर्व— सोहराय, बांदना और गोवर्धन पूजा की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि ये पर्व झारखंड की सांस्कृतिक विरासत के प्रतीक हैं, और इनसे हमें लोक आस्था, प्रकृति पूजा और सामाजिक समरसता की प्रेरणा मिलती है।



