
जमशेदपुर : जमशेदपुर पूर्वी विधानसभा क्षेत्र की विधायक पूर्णिमा साहू ने मंगलवार को बिरसानगर क्षेत्र का दौरा कर विभिन्न विकास कार्यों का जायजा लिया।
सुगना कॉलोनी, रविदास बस्ती, मोची बस्ती और एम टाइप इलाकों में मोहरदा जलापूर्ति योजना के तहत पाइपलाइन बिछाने का कार्य तेज़ी से जारी है।
विधायक साहू ने कार्यस्थल पर पहुंचकर प्रगति की समीक्षा की और इंजीनियरों व अधिकारियों से विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने कहा कि,
“बहुत जल्द इन सभी बस्तियों में स्वच्छ पेयजल की आपूर्ति शुरू हो जाएगी, जिससे बस्तीवासियों को राहत मिलेगी और जल संकट खत्म होगा।”।

स्कूलों का निरीक्षण और बच्चों से संवाद
निरीक्षण के दौरान विधायक ने क्षेत्र के सरकारी विद्यालयों का भी दौरा किया।
उन्होंने बच्चों से बातचीत कर उनकी पढ़ाई, सुविधाओं और आवश्यकताओं की जानकारी ली। साथ ही स्थानीय लोगों की समस्याएं सुनीं और मौके पर ही संबंधित विभागीय अधिकारियों को समाधान के निर्देश दिए।
विधायक ने कहा कि शिक्षा और बुनियादी सुविधाओं का विकास ही समाज की असली प्रगति का प्रतीक है।

बिरसानगर में 10 लाख की लूट से दहशत, विधायक ने जताई नाराज़गी
सोमवार को बिरसानगर जोन संख्या 11 में दिनदहाड़े हुई 10 लाख रुपये की लूट ने क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
टाटा मोटर्स के वेंडर ए.के. सिंह के कार्यालय में हथियार के बल पर लूट की इस वारदात ने नागरिकों में भय का माहौल पैदा कर दिया है।
विधायक पूर्णिमा साहू घटना स्थल पर पहुंचीं और पीड़ित से विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने प्रशासन पर तीखा प्रहार करते हुए कहा,
“शहर में लगातार हो रही घटनाएं जिला प्रशासन की लापरवाही और असफलता को उजागर करती हैं। पुलिस की प्राथमिकता सिर्फ हेलमेट चेकिंग तक सीमित रह गई है, जबकि अपराधी बेखौफ घूम रहे हैं।”
सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग
विधायक साहू ने जिला प्रशासन से अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी और लूटी गई राशि की बरामदगी की मांग की।
उन्होंने कहा कि पूरे शहर में पुलिस की सक्रियता बढ़ाने के लिए विशेष अभियान चलाया जाना चाहिए, ताकि नागरिकों में प्रशासन के प्रति विश्वास मजबूत हो सके और अपराधियों में कानून का भय उत्पन्न हो।



