जमशेदपुर में मासूम की मौत से सनसनी, लापरवाही ने ली जान
जमशेदपुर: जमशेदपुर के बिरसानगर थाना क्षेत्र स्थित आस्था सिटी टाउन में शनिवार को एक दर्दनाक हादसा हुआ, जिसने हर किसी को झकझोर कर रख दिया। खुले सेप्टिक टैंक में गिरने से मात्र 5 साल के आदर्श कुमार की मौत हो गई। मासूम आदर्श, मानगो के कुमरुम बस्ती निवासी तपन कुम्भकार का बेटा था, जो मजदूरी के सिलसिले में अपने पिता के साथ यहां आया था।
खेलते वक्त खुले गड्ढे में समा गया जीवन
दोपहर के भोजन के बाद आदर्श घर के बाहर खेल रहा था। खेलते-खेलते वह पास के खुले सेप्टिक टैंक के पास चला गया और उसमें गिर गया। कई देर तक जब वह नहीं दिखा, तो परिजनों ने खोजबीन शुरू की। खोज के दौरान टैंक के पास उसकी चप्पल मिली, जिससे शंका गहराई।
जब सेप्टिक टैंक की जांच की गई, तो आदर्श बेहोशी की हालत में मिला। उसे तुरंत मर्सी अस्पताल ले जाया गया, जहां से गंभीर हालत को देखते हुए एमजीएम अस्पताल रेफर कर दिया गया। लेकिन वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस जांच में जुटी, लापरवाही के खिलाफ उठी आवाजें
घटना की जानकारी मिलते ही सिदगोड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। स्थानीय लोगों में टाउनशिप प्रबंधन के खिलाफ गुस्सा फूट पड़ा है। उनका आरोप है कि यह हादसा पूरी तरह से प्रशासनिक लापरवाही का नतीजा है। खुले सेप्टिक टैंक को बिना किसी सुरक्षा के छोड़ दिया गया था।



