जमशेदपुर : एनएच-33 पर निर्माण कार्य के दौरान फैल रही धूल और टूटी सड़कों को लेकर विधायक सरयू राय के जनसुविधा प्रतिनिधियों ने कड़ा रुख अपनाया है। बुधवार को उन्होंने एचबी इंफ्रा इंजीनियरिंग लिमिटेड के पारडीह काली मंदिर स्थित कार्यालय पहुंचकर लायजनिंग ऑफिसर इकबाल मोहम्मद से मुलाकात की और जनता की समस्याओं को सामने रखा।
धूल से लोगों का चलना हुआ मुश्किल, टूटी सड़कों से गाड़ियों को खतरा
प्रतिनिधियों ने शिकायत में कहा कि पारडीह चौक से बालीगुमा तक धूल की इतनी मोटी परत उड़ रही है कि लोगों को सामने तक देखना मुश्किल हो रहा है। निर्माण कार्य से उठ रही धूल ने क्षेत्रवासियों का जीना दुश्वार कर दिया है।
उनका कहना था:
“बार-बार कहने के बावजूद भी कंपनी द्वारा नियमित पानी का छिड़काव नहीं किया जा रहा। कई स्थानों पर सड़कें तोड़ दी गई हैं, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका बनी हुई है।”
कंपनी ने मानी गलती, दिया दो बार पानी छिड़काव का वादा
कंपनी के लायजनिंग ऑफिसर इकबाल मोहम्मद ने स्थिति को गंभीरता से लेते हुए आश्वासन दिया कि:
आज से ही दिन में दो बार पानी का छिड़काव किया जाएगा।
जहां-जहां सड़कें टूटी हैं, वहां मरम्मत का कार्य तुरंत शुरू किया जाएगा।
पानी छिड़काव की GPS लोकेशन सहित फोटो जनसुविधा प्रतिनिधियों को भेजी जाएंगी ताकि पारदर्शिता बनी रहे।



