टेल्को सुमंत मुलगांवकर स्टेडियम में दिखा खेल, अनुशासन और प्रतिभा का संगम
जमशेदपुर : नेताजी सुभाष ग्रुप द्वारा संचालित नेताजी सुभाष पब्लिक स्कूल एवं मदन मोहन पब्लिक स्कूल का वार्षिक खेलकूद महोत्सव बुधवार को टेल्को स्थित सुमंत मुलगांवकर स्टेडियम में भव्य रूप से आयोजित किया गया। इस अवसर पर जमशेदपुर के एसएसपी पियूष पांडे मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
कार्यक्रम में नेताजी सुभाष ग्रुप के चेयरमैन मदन मोहन सिंह ने एसएसपी पियूष पांडे का अंगवस्त्र एवं मोमेंटो देकर सम्मानपूर्वक स्वागत किया।

बच्चों की रंगारंग प्रस्तुतियों ने मोहा मन
वार्षिक खेल मीट के दौरान स्कूल के छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, मार्च पास्ट और विभिन्न खेल गतिविधियों में शानदार प्रदर्शन किया। बच्चों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने उपस्थित अतिथियों और अभिभावकों का दिल जीत लिया।
इसके साथ ही विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें बच्चों ने पूरे उत्साह और खेल भावना के साथ भाग लिया। प्रतियोगिताओं में विजयी प्रतिभागियों को मेडल और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।

एसएसपी पियूष पांडे ने बच्चों का बढ़ाया उत्साह
मुख्य अतिथि एसएसपी पियूष पांडे ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि
“जीवन में पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद की भी अहम भूमिका होती है। खेल बच्चों में अनुशासन, नेतृत्व और आत्मविश्वास पैदा करता है।”
उन्होंने बच्चों के प्रयासों की सराहना करते हुए नेताजी सुभाष ग्रुप द्वारा शिक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों को प्रेरणादायक बताया।

9 हजार से अधिक बच्चों को शिक्षा दे रहा है नेताजी सुभाष ग्रुप
नेताजी सुभाष ग्रुप के चेयरमैन मदन मोहन सिंह ने बताया कि ग्रुप द्वारा जमशेदपुर और आसपास के क्षेत्रों में करीब एक दर्जन स्कूलों का संचालन किया जा रहा है, जहां लगभग 9 हजार छात्र-छात्राएं शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं।
इसके अलावा ग्रुप द्वारा
एक विश्वविद्यालय,
मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल,
तथा बिहार के पटना-बिहटा में इंजीनियरिंग कॉलेज और मेडिकल कॉलेज अस्पताल भी संचालित किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि
“नेताजी सुभाष ग्रुप बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है। शिक्षा के साथ खेलकूद को भी समान महत्व दिया जाता है।”
अंत में उन्होंने सभी बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की और शिक्षा के क्षेत्र में आगे भी निरंतर कार्य करते रहने की बात कही।




