साकची के मनोकामना और शीतला माता मंदिरों में श्रद्धालुओं का तांता
जमशेदपुर: शहर में नवरात्रि की शुरुआत के साथ ही भक्तों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। सोमवार सुबह से ही साकची स्थित मनोकामना मंदिर और शीतला माता मंदिर में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। मां दुर्गा के प्रथम रूप शैलपुत्री की पूजा-अर्चना के साथ कलश स्थापना का पावन कार्य विधिवत रूप से किया गया।

कलश स्थापना की विशेष मान्यता
मनोकामना मंदिर में उन श्रद्धालुओं की संख्या अधिक देखी गई जो किसी कारणवश अपने घरों में कलश स्थापना नहीं कर सके। वे यहां आकर कलश स्थापना कर रहे हैं। मान्यता है कि इस मंदिर में सच्चे मन से की गई प्रार्थना अवश्य फलदायी होती है। यही कारण है कि यहां सैकड़ों की संख्या में भक्त पूजा हेतु पहुंचे।

शीतला माता मंदिर में भी हुआ विधिपूर्वक कलश स्थापना
साकची स्थित शीतला माता मंदिर में भी नवरात्र की शुरुआत बेहद पारंपरिक और श्रद्धा से की गई। यहां भी कलश स्थापना के साथ माता की पूजा अर्चना की गई और बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन हेतु पहुंचे। मंदिर प्रबंधन द्वारा सुरक्षा और व्यवस्था के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं।



