जमशेदपुर : घाटशिला स्थित संत नंदलाल स्मृति विद्या मंदिर, घाटशिला में राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस पर एक ज्ञानवर्धक और प्रेरणादायी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस वर्ष समारोह का विषय था
“आर्यभट्ट से गगनयान : प्राचीन ज्ञान से अनंत संभावनाएँ”
कार्यक्रम का उद्देश्य छात्रों को विज्ञान, प्रौद्योगिकी, इंजीनियरिंग और गणित (STEM) के क्षेत्र में करियर की प्रेरणा देना और भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) की उपलब्धियों और वैज्ञानिक योगदान को उजागर करना था।
छात्रा मोनालिसा पंडित ने प्रस्तुत किए विचार
प्रार्थना सभा के दौरान कक्षा 10 की छात्रा मोनालिसा पंडित ने अंतरिक्ष और विज्ञान पर सारगर्भित विचार प्रस्तुत किए, जिससे सभी छात्र-छात्राओं में वैज्ञानिक सोच और रुझान उत्पन्न हुआ।
कक्षा 11 के छात्रों की सक्रिय भागीदारी
कार्यक्रम में कक्षा 11 के सभी छात्र-छात्राओं ने सक्रिय रूप से भाग लिया। विद्यालय प्रभारी प्राचार्य डॉ. प्रसेनजीत कर्मकार ने छात्रों को विज्ञान के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया और बताया कि इस तरह के आयोजन उनके करियर मार्गदर्शन में सहायक सिद्ध होते हैं।
क्विज़ प्रतियोगिता और तकनीकी प्रस्तुतियाँ बनीं आकर्षण का केंद्र
विद्यालय के मल्टीमीडिया हॉल में अंतरिक्ष विषयक प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें ISRO की मिशनों, उपग्रहों, और भारत की अंतरिक्ष प्रगति से जुड़े प्रश्न पूछे गए। छात्रों ने इसमें उत्साहपूर्वक भागीदारी की। कार्यक्रम के दौरान न सिर्फ ISRO की उपलब्धियों को दर्शाया गया, बल्कि यह भी बताया गया कि भारतीय अंतरिक्ष तकनीक आम लोगों के दैनिक जीवन को कैसे प्रभावित कर रही है।



