
ग्रामीण क्षेत्र के जरूरतमंदों को रक्त उपलब्ध कराने की पहल, पूर्व मंत्री अमर कुमार बाउरी ने किया शुभारंभ

जमशेदपुर : नारायण ट्रस्ट एवं राजेंद्र मेमोरियल वेलफेयर सोसाइटी के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को नारायण प्राइवेट आईटीआई, लुपुंगडीह (चांडिल) परिसर में एक दिवसीय स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का विधिवत उद्घाटन झारखंड सरकार के पूर्व मंत्री अमर कुमार बाउरी एवं नारायण ट्रस्ट के चेयरमैन डॉ. जटाशंकर पांडे ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।
कार्यक्रम से पूर्व मुख्य अतिथि अमर कुमार बाउरी का स्वागत नारायण ट्रस्ट के चेयरमैन डॉ. जटाशंकर पांडे द्वारा पुष्पगुच्छ एवं अंगवस्त्र भेंट कर किया गया। शिविर में युवाओं और स्थानीय लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और कुल 47 यूनिट रक्त संग्रह किया गया।

“एक बूंद रक्त, किसी के लिए जीवनदान” – अमर कुमार बाउरी
इस अवसर पर पूर्व मंत्री अमर कुमार बाउरी ने रक्तदाताओं को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि रक्तदान मानवता की सबसे बड़ी सेवा है। आपके द्वारा दिया गया एक-एक बूंद रक्त किसी जरूरतमंद को नया जीवन दे सकता है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से समाज में सकारात्मक संदेश जाता है और युवाओं में सेवा भाव जागृत होता है।
ग्रामीण जरूरतमंदों के लिए आगे भी होंगे शिविर: डॉ. जटाशंकर पांडे
नारायण ट्रस्ट के चेयरमैन डॉ. जटाशंकर पांडे ने बताया कि इस रक्तदान शिविर का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि नारायण ट्रस्ट सामाजिक दायित्वों के निर्वहन के लिए प्रतिबद्ध है और भविष्य में भी संस्थान परिसर में नियमित रूप से रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा।
कई गणमान्य लोग रहे उपस्थित
रक्तदान शिविर में भाजपा नेता देवाशीष राय, आशीष कुंडू, नीमडीह पश्चिमी मंडल अध्यक्ष जयंत कुमार रजक, मुखिया प्रतिनिधि भोलानाथ सिंह, अधिवक्ता निखिल पांडे, प्राचार्य जयदीप पांडे, राजेंद्र मेमोरियल वेलफेयर सोसाइटी के सचिव डॉ. पी. पटेल, अनामिका कुमारी सहित ब्रह्मानंद ब्लड सेंटर की टीम से उषा मुर्मू, लिली मुर्मू, फुलमनी लोहार, नीतीश कुमार, गीता कुमार, श्रावण कुमार एवं अन्य लोग मौजूद रहे। सभी ने शिविर को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाई।





