पूर्वी विधानसभा की जनसमस्याओं पर विशेष बैठक
पूर्वी विधानसभा के सभी मंडल अध्यक्ष भी हुए शामिल
जमशेदपुर : जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति के साकची स्थित सभागार में सोमवार को पूर्वी विधानसभा के विकास और जनसमस्याओं के त्वरित समाधान को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता विधायक पूर्णिमा साहू ने की।
इस अवसर पर जमशेदपुर अक्षेस के उप नगर आयुक्त कृष्ण कुमार, सभी अभियंता, पदाधिकारी, विधायक प्रतिनिधि गुंजन यादव, भाजपा के सातों मंडलों के अध्यक्ष, महामंत्री, युवा मोर्चा और महिला मोर्चा के अध्यक्ष मौजूद रहे।
विधायक ने कहा— लक्ष्य: जमशेदपुर पूर्वी को ‘मॉडल विधानसभा’ बनाना
बैठक में विधायक पूर्णिमा साहू ने स्पष्ट रूप से कहा कि उनका लक्ष्य जमशेदपुर पूर्वी को आदर्श और मॉडल विधानसभा क्षेत्र के रूप में विकसित करना है। इसके लिए विभागीय समन्वय, समयबद्ध कार्य और जनसुविधाओं का सुदृढ़ीकरण अनिवार्य है।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि—
गली-नाली की दैनिक व नियमित सफाई सुनिश्चित की जाए।
शुद्ध पेयजल आपूर्ति में किसी भी प्रकार की कमी न रहे।
स्ट्रीट लाइट, हाई-मास्ट लाइट और सोलर लाइट की सक्रियता व मरम्मत समय पर हो।
मच्छरों से बचाव हेतु निरंतर फॉगिंग की जाए।
डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण बाधारहित जारी रहे।
अनुपयोगी सार्वजनिक शौचालयों को हटाया जाए तथा उपयोग में आ रहे शौचालयों में पानी व रोशनी की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

जनसमस्याओं पर मंडल अध्यक्षों ने सौंपा ज्ञापन
बैठक में विभिन्न मंडलों के अध्यक्षों ने अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याओं को लेकर एक विस्तृत ज्ञापन अक्षेस अधिकारियों को सौंपा, जिसमें जलजमाव, टूटी सड़कें, स्ट्रीट लाइट समस्या, कचरा संग्रहण में अनियमितता जैसी चुनौतियों का उल्लेख था।
बैठक में मौजूद रहे ये प्रमुख पदाधिकारी
विधायक प्रतिनिधि गुंजन यादव, भाजपा मंडल अध्यक्ष युवराज सिंह, पप्पू उपाध्याय, सूरज सिंह, बबलू गोप, जीवन साहू, अरुण मिश्रा, दिलीप कुमार सहित कई पदाधिकारी बैठक में उपस्थित रहे।





