दीपावली पर पानी की किल्लत, सरयू राय पहुंचे इंटेकवेल
मानगो में जल संकट पर सरयू राय ने ठेकेदार व अधिकारियों पर लापरवाही का आरोप लगाया।
जमशेदपुर : दीपावली जैसे बड़े त्योहार पर जब घरों में साफ पानी की सबसे ज़्यादा ज़रूरत होती है, उसी समय मानगो क्षेत्र में पेयजलापूर्ति ठप हो गई। इस संकट की जानकारी मिलते ही जमशेदपुर पश्चिमी से विधायक सरयू राय ने स्वयं स्थिति का जायजा लेने के लिए मानगो पेयजल परियोजना के इंटेकवेल, वाटर ट्रीटमेंट प्लांट और पृथ्वी पार्क की पानी टंकी का निरीक्षण किया।
ठेकेदार और विभागीय अधिकारियों की लापरवाही उजागर
निरीक्षण के बाद सरयू राय ने स्पष्ट कहा कि मानगो में पेयजल आपूर्ति बाधित होने का सीधा कारण है –
परियोजना के ठेकेदार की लापरवाही और पेयजल स्वच्छता विभाग के अधिकारियों की उदासीनता।
उन्होंने यह भी कहा कि त्योहार के बाद वे कार्यपालक अभियंता के खिलाफ चार्जशीट सौंपेंगे, ठेकेदार को काली सूची (Blacklist) में डालने की अनुशंसा करेंगे साथ ही सरकार से कार्रवाई की मांग करेंगे
इंटेकवेल में जमा बालू बनी बाधा, विधायक ने खुद शुरू करवाई सफाई
इंटेकवेल का निरीक्षण करने पर बालू जमा होने की समस्या सामने आई, जिससे जल प्रवाह बाधित हो रहा था।
सरयू राय ने मानगो नगर निगम के उप नगर आयुक्त को निर्देश देकर तुरंत सफाई कार्य शुरू कराया। बालू हटाते ही जल प्रवाह सामान्य हो गया।
पृथ्वी पार्क टंकी से होती है जलापूर्ति, ठेकेदार दे रहा कम पानी
पृथ्वी पार्क स्थित पानी टंकी के कर्मचारियों ने विधायक को बताया कि:
सप्ताह में सिर्फ 2–3 दिन ही टंकी को भरने के लिए पानी मिलता है
जल आपूर्ति ठेकेदार की मर्जी पर निर्भर है
विभागीय अधिकारी इस लापरवाही पर कोई ध्यान नहीं देते
सरयू राय की मांग : दोषियों पर हो कार्रवाई, जनता को मिले नियमित जलापूर्ति
सरयू राय ने इसे सुनियोजित लापरवाही और मिलीभगत करार देते हुए कहा:
“यह ठेकेदार और विभाग के अधिकारियों की मिलीभगत है, जिससे त्योहारों पर जनता को पानी के लिए तरसना पड़ रहा है।”
उन्होंने मानगो नगर निगम के उप नगर आयुक्त से पूरे मामले की जांच कर दोषियों पर कार्रवाई शुरू करने को कहा है।



