Jamshedpur : टाटा स्टील से सेवानिवृत्त और टाटा वर्कर्स यूनियन के पूर्व कमेटी मेंबर, भूइयाडीह नंद नगर निवासी महावीर यादव का निधन हो गया। वे लंबे समय से बीमार चल रहे थे। हैदराबाद स्थित इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ गैस्ट्रोलॉजी में उनका इलाज चल रहा था। मंगलवार (19 अगस्त) की सुबह 9:00 बजे उन्होंने अंतिम सांस ली। महावीर यादव के पुत्र कन्हैया यादव, टिमकेन कंपनी में कार्यरत हैं। वह वर्तमान में टिमकेन वर्कर्स यूनियन के कमेटी मेंबर भी हैं।
पार्थिव शरीर कल पहुंचेगा जमशेदपुर
परिजनों ने बताया कि उनका पार्थिव शरीर बुधवार (20 अगस्त) कोहवाई मार्ग से हैदराबाद से रांची लाया जाएगा। सुबह लगभग 11:00 बजे उनका पार्थिव शरीर रांची एयरपोर्ट पहुंचेगा और वहां से सड़क मार्ग से उनके निवास स्थान, नंद नगर, भूइयाडीह लाया जाएगा।
मजदूर नेता और समाजसेवक के रूप में रही पहचान
महावीर यादव ने अपने जीवन का बड़ा हिस्सा मजदूरों और समाज की सेवा में लगाया। टाटा स्टील में कार्यकाल के दौरान वे मजदूरों की समस्याओं को मजबूती से रखते थे और समाधान में सक्रिय भूमिका निभाते थे। वे अपने व्यवहारिक और मिलनसार स्वभाव के लिए भी जाने जाते थे।
उनके निधन पर टिमकेन वर्कर्स यूनियन के महासचिव विजय यादव ने गहरा शोक जताते हुए कहा, “महावीर बाबू मजदूरों की सेवा और समाज की भलाई में हमेशा अग्रणी रहते थे। उनका निधन पूरे समाज के लिए अपूरणीय क्षति है।” पारिवारिक और संगठनात्मक दोनों स्तरों पर महावीर यादव का योगदान याद किया जाएगा।
महावीर यादव की जीवन यात्रा और योगदान
महावीर यादव का पूरा जीवन संघर्ष और सेवा को समर्पित रहा। मजदूरों की समस्याओं को आवाज देने और न्याय दिलाने के लिए वे हमेशा सक्रिय रहे। सेवानिवृत्ति के बाद भी उन्होंने सामाजिक गतिविधियों और मजदूर संगठनों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।उनका व्यक्तित्व मजदूर आंदोलन में प्रेरणा स्रोत माना जाता है। समाज के बीच उनकी पहचान एक सच्चे जनसेवक, मार्गदर्शक और संघर्षशील नेता के रूप में बनी रही।



