SIT टीम की तत्परता से बड़ी सफलता, लूट में शामिल सभी आरोपी निकले आपराधिक इतिहास वाले
जमशेदपुर : जमशेदपुर के कदमा थाना क्षेत्र में 9 अक्टूबर को हुए 20 लाख रुपये की डकैती कांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके पास से हथियार, सोने के जेवर और अन्य कीमती सामान बरामद किए हैं।
सिटी एसपी कुमार शिवाशीष ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि डकैती की यह वारदात रामनगर रोड नंबर-2 निवासी दीप राज सिंह के घर पर हुई थी। घटना की शाम करीब 7:30 बजे 7 से 8 नकाबपोश हथियारबंद बदमाशों ने घर में घुसकर परिवार को बंधक बना लिया और करीब 20 लाख रुपये मूल्य के जेवरात, घड़ी और अन्य सामान लूट ले गए।

SIT टीम ने पेशेवर तरीके से किया उद्भेदन
इस मामले में कदमा थाना कांड संख्या 96/25 के तहत एफआईआर दर्ज होने के बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एक विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया गया। DSP स्तर के अधिकारी के नेतृत्व में गठित टीम ने सीसीटीवी फुटेज, टेक्निकल सर्विलांस और गुप्त सूचना के आधार पर आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी की।
गिरफ्तार आरोपी और बरामद सामान
पुलिस ने जिन पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है, उनके नाम इस प्रकार हैं:
मो. सद्दाम
फहीम आलम
कृष्णा लौहार उर्फ पाड़ी
सयोराज सिंह उर्फ जस्से पाजी
कुनाल सिंह मुंडा
बरामद सामान और हथियार:
एक देसी पिस्तौल
दो जिंदा कारतूस
सोने का ब्रेसलेट
टाइटन कंपनी की महंगी घड़ी
एक स्कूटी
एक CNG ऑटो
सभी आरोपी पुराने आपराधिक मामलों में शामिल
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी पहले भी हत्या, चोरी, डकैती और गृहभेदन जैसे संगीन मामलों में जेल जा चुके हैं। यह गिरोह लंबे समय से जमशेदपुर और आसपास के इलाकों में सक्रिय था।
फिलहाल पुलिस फरार अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।



