
सिटी एसपी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर दी जानकारी, जेवरात व नकदी बरामद
जमशेदपुर : जमशेदपुर के जुगसलाई थाना क्षेत्र अंतर्गत एम.ई. स्कूल रोड, सेवा सदन अस्पताल के पास स्थित एक घर में हुई बड़ी चोरी की घटना का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। बुधवार को सिटी एसपी कुमार शिवाशीष ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इस पूरे मामले की जानकारी दी।
1 फरवरी की रात हुई थी चोरी की वारदात
आलमारी तोड़कर हीरा, सोना और चांदी के जेवर ले उड़े चोर
सिटी एसपी ने बताया कि 1 फरवरी 2026 की रात अज्ञात चोरों ने घर में घुसकर आलमारी तोड़ दी और उसमें रखे हीरा, सोना, चांदी समेत महंगे आभूषण चोरी कर लिए। घटना के बाद पीड़ित की शिकायत पर जुगसलाई थाना में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की गई।
विशेष छापामारी दल का किया गया गठन
सीसीटीवी, डॉग स्क्वॉड और गुप्त सूचना से मिली सफलता
वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस उपाधीक्षक (विधि-व्यवस्था), जमशेदपुर के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी दल गठित किया गया।
पुलिस ने गुप्त सूचना, सीसीटीवी फुटेज और डॉग स्क्वॉड की मदद से त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी रितिक कुमार सिंह गिरफ्तार, पहले से आपराधिक इतिहास रहा है दर्ज
पुलिस ने इस मामले में रितिक कुमार सिंह (उम्र 23 वर्ष), निवासी सेवा सदन के पास, जुगसलाई को गिरफ्तार किया है। सिटी एसपी ने बताया कि आरोपी का पूर्व आपराधिक इतिहास भी रहा है और उसके खिलाफ साकची थाना में पहले से मामला दर्ज है।
उन्होंने यह भी बताया कि पहले आरोपी अपनी गर्लफ्रेंड के साथ मिलकर चोरी की घटनाओं को अंजाम देता था, लेकिन इस बार उसने अकेले ही वारदात को अंजाम दिया।
करीब एक करोड़ रुपये के जेवरात बरामद
चोरी में प्रयुक्त कपड़े भी जब्त
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी गए सभी जेवरात और नकदी बरामद कर ली है। बरामद संपत्ति की अनुमानित कीमत करीब एक करोड़ रुपये बताई गई है।
बरामद सामानों में शामिल हैं—
सोने और चांदी के आभूषण
हीरा जड़ित जेवरात
कंगन, चूड़ियां, चैन, अंगूठियां
मांगटीका, नथुनी, पायल
सिक्के और विभिन्न मूल्य के नोट
चोरी के समय पहने गए कपड़े
आरोपी न्यायिक हिरासत में भेजा गया, आगे की जांच जारी
सिटी एसपी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई की शहरवासियों ने सराहना की है।





