
मुकेश ठाकुर को मिली मंडल प्रतिनिधि की जिम्मेदारी, कार्यकर्ताओं में उत्साह

जमशेदपुर : भारतीय जनता पार्टी के संगठन पर्व के तहत गोविंदपुर मंडल को नया नेतृत्व मिल गया है। जुगनू वर्मा को भाजपा गोविंदपुर मंडल का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है, जबकि मुकेश ठाकुर को मंडल प्रतिनिधि की जिम्मेदारी सौंपी गई है। साकची स्थित भाजपा जिला कार्यालय में जिला चुनाव अधिकारी सह प्रदेश महामंत्री मनोज सिंह एवं जिला चुनाव पर्यवेक्षक सह पूर्व विधायक बिरंची नारायण ने निर्वाचन प्रक्रिया पूरी होने के बाद नवनिर्वाचित मंडल अध्यक्ष और मंडल प्रतिनिधि के नामों की औपचारिक घोषणा की।
घोषणा के साथ ही गोविंदपुर मंडल के कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। नेताओं और कार्यकर्ताओं ने इसे संगठन के लिए सकारात्मक और ऊर्जा से भरा कदम बताया।

साकची और गोविंदपुर कार्यालय में हुआ जोरदार स्वागत
मंडल अध्यक्ष घोषित होते ही जुगनू वर्मा का साकची स्थित भाजपा जिला कार्यालय और गोविंदपुर भाजपा कार्यालय में भव्य स्वागत किया गया। कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं से उनका अभिनंदन किया और नारेबाजी के साथ खुशी जाहिर की।
इस मौके पर भाजपा नेता कमलेश सिंह, पूर्व मंडल अध्यक्ष पवन सिंह, मधु सिंह, नवनियुक्त मंडल प्रतिनिधि मुकेश ठाकुर सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

घर पहुंचने पर मां ने किया तिलक, मिला आशीर्वाद
मंडल अध्यक्ष बनने के बाद जब जुगनू वर्मा अपने आवास पहुंचे तो वहां भावुक और आत्मीय माहौल देखने को मिला। उनकी मां ने तिलक लगाकर और आशीर्वाद देकर उनके उज्ज्वल कार्यकाल की कामना की। इस अवसर पर भाजपा नेता कमलेश सिंह, पवन सिंह सहित अन्य कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।
संगठन को मिलेगी नई गति
भाजपा कार्यकर्ताओं का कहना है कि जुगनू वर्मा के नेतृत्व में गोविंदपुर मंडल में संगठनात्मक गतिविधियों को नई गति मिलेगी और पार्टी को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूती प्राप्त होगी। वहीं, मंडल प्रतिनिधि के रूप में मुकेश ठाकुर की भूमिका संगठन और कार्यकर्ताओं के बीच समन्वय स्थापित करने में अहम मानी जा रही है।






