
मानगो नगर निगम कार्यालय के सामने जोरदार धरना, सरकार की नीयत पर उठे सवाल
जमशेदपुर : झारखंड में नगर निकाय चुनावों में लगातार हो रही देरी और बैलेट पेपर से चुनाव कराने के निर्णय को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने हेमंत सोरेन सरकार के खिलाफ खुलकर मोर्चा खोल दिया है। इसी क्रम में मंगलवार को भाजपा जमशेदपुर महानगर की ओर से मानगो गांधी मैदान स्थित मानगो नगर निगम कार्यालय के समक्ष जोरदार धरना-प्रदर्शन किया गया।
धरना-प्रदर्शन का नेतृत्व जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष सुधांशु ओझा ने किया। कार्यक्रम में जमशेदपुर के सांसद विद्युत वरण महतो, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिनेशानंद गोस्वामी, पूर्व जिलाध्यक्ष, मंडल अध्यक्ष, वरिष्ठ नेता और बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।
सांसद विद्युत वरण महतो का सरकार पर तीखा हमला
“छह साल से चुनाव नहीं कराना लोकतंत्र का अपमान”
धरना को संबोधित करते हुए सांसद विद्युत वरण महतो ने कहा कि झारखंड में पिछले छह वर्षों से नगर निकाय चुनाव नहीं कराना सरकार की तानाशाही और अलोकतांत्रिक सोच को उजागर करता है। उन्होंने आरोप लगाया कि हाईकोर्ट के स्पष्ट निर्देशों के बावजूद सरकार चुनाव कराने से बच रही है, क्योंकि उसे जनता की नाराजगी का डर सता रहा है।
उन्होंने कहा कि चुनाव की चर्चा होते ही सरकार ईवीएम हटाकर बैलेट पेपर से चुनाव कराने की साजिश रच रही है, ताकि परिणामों को प्रभावित किया जा सके। मानगो जैसे घनी आबादी वाले क्षेत्र में नगर निगम का चुनाव न होना जनता के साथ सीधा अन्याय है। निर्वाचित जनप्रतिनिधियों के अभाव में विकास कार्य ठप पड़े हैं और केंद्र सरकार की शहरी विकास योजनाओं का लाभ आम नागरिकों तक नहीं पहुंच पा रहा है।

डॉ. दिनेशानंद गोस्वामी का झामुमो गठबंधन पर निशाना
पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिनेशानंद गोस्वामी ने झामुमो गठबंधन सरकार पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि पिछले छह वर्षों में राज्य का विकास पूरी तरह ठहर गया है। नागरिक सुविधाएं चरमराई हुई हैं, स्वास्थ्य सेवाएं बदहाल हैं और सरकार की जनविरोधी नीतियों से आम लोग परेशान हैं।
महानगर अध्यक्ष सुधांशु ओझा की चेतावनी
भाजपा महानगर अध्यक्ष सुधांशु ओझा ने कहा कि लंबे समय से निर्वाचित जनप्रतिनिधियों के अभाव में नगर निकायों की स्थिति बद से बदतर हो चुकी है। प्रशासनिक अधिकारियों की मनमानी बढ़ गई है और आम जनता को साफ-सफाई, पेयजल, सड़क, स्ट्रीट लाइट जैसी बुनियादी सुविधाओं के लिए भटकना पड़ रहा है।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने शीघ्र नगर निकाय चुनाव की घोषणा नहीं की, तो भाजपा आंदोलन को और तेज करेगी

नगर निगम चुनाव लोकतंत्र की आत्मा” जवाबदेही खत्म होने का आरोप
पूर्व जिलाध्यक्ष अभय सिंह ने कहा कि मानगो नगर निगम क्षेत्र प्रशासनिक अव्यवस्था का शिकार बन चुका है। चुने हुए जनप्रतिनिधियों के अभाव में जवाबदेही समाप्त हो गई है। नगर निगम चुनाव लोकतंत्र की आत्मा हैं और इन्हें दबाना पूरी तरह असंवैधानिक है।
भाजपा नेता शैलेन्द्र सिंह ने आरोप लगाया कि सरकार जानबूझकर दलीय आधार पर और ईवीएम से चुनाव कराने से बच रही है। बैलेट पेपर के जरिए चुनाव कराकर भ्रष्टाचार को बढ़ावा देने की साजिश रची जा रही है, जबकि पूरा देश पारदर्शी चुनाव व्यवस्था के लिए ईवीएम को अपना चुका है।
राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा
धरना-प्रदर्शन के समापन पर भाजपा के प्रतिनिधिमंडल ने मानगो नगर निगम के प्रशासक के माध्यम से महामहिम राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में निम्नलिखित मांगें रखी गईं—
नगर निकाय चुनाव की शीघ्र तिथि घोषित की जाए
दलीय आधार पर चुनाव कराए जाएं
ईवीएम के माध्यम से पारदर्शी चुनाव सुनिश्चित किए जाएं
कार्यक्रम का मंच संचालन जिला उपाध्यक्ष राजीव सिंह ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन उलीडीह मंडल अध्यक्ष रविन्द्र सिसोदिया ने दिया।
धरना-प्रदर्शन में ये प्रमुख नेता रहे मौजूद
धरना-प्रदर्शन में पूर्व जिलाध्यक्ष देवेंद्र सिंह, चंद्रशेखर मिश्रा, अभय सिंह, बिनोद सिंह, राजकुमार श्रीवास्तव, मनोज सिंह, नीरज सिंह, डॉ. जटाशंकर पांडेय, अनिल सिंह, डॉ. राजीव, संजीव सिन्हा, बबुआ सिंह, रेणु शर्मा, विजय तिवारी, कृष्णा शर्मा काली, अखिल सिंह, मंडल अध्यक्ष बिनोद राय, प्रशांत पोद्दार, मारुति नंदन पांडेय, अजीत सिंह, धर्मेंद्र प्रसाद, शिव प्रकाश शर्मा, अशोक चौहान, छोटन मिश्रा, प्रीति सिन्हा, लक्की सिंह, श्वेता सिंह, मीरा शर्मा, अनिमेष सिन्हा, सुशील पाण्डेय, प्रकाश दुबे, राहुल तिवारी, मोहम्मद निसार, विजय सोय, विकास साहू सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।




