
सैकड़ों लोगों की उपस्थिति में रंग, उमंग और विकास का संकल्प
जमशेदपुर : जमशेदपुर के बालीगुमा स्थित न्यू ग्रीन सिटी में होली मिलन समारोह के अवसर पर मेयर सुधा गुप्ता के सम्मान में भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। मेयर पद संभालने के बाद शहर के विभिन्न क्षेत्रों में उनके अभिनंदन का सिलसिला जारी है। इसी क्रम में न्यू ग्रीन सिटी आवासीय समिति की ओर से विशेष होली मिलन एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।

फूल-मालाओं से स्वागत, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां
कार्यक्रम में कॉलोनी के सैकड़ों महिला-पुरुष, युवा और वरिष्ठ नागरिक शामिल हुए। मेयर का स्वागत फूल-मालाओं और अंगवस्त्र भेंट कर किया गया। पारंपरिक होली गीतों, रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और आपसी सद्भाव के बीच उपस्थित लोगों ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर पर्व की शुभकामनाएं दीं। पूरा परिसर रंग और उत्साह से सराबोर नजर आया।

विकास के प्रति प्रतिबद्धता दोहराई
समारोह को संबोधित करते हुए मेयर सुधा गुप्ता ने कहा कि वे शहर के समग्र विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने बालीगुमा क्षेत्र की प्रमुख समस्याओं—सड़क निर्माण, जलापूर्ति, सफाई व्यवस्था और स्ट्रीट लाइट जैसी बुनियादी सुविधाओं—को प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने का आश्वासन दिया।
उन्होंने यह भी कहा कि नगर निगम जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का हर संभव प्रयास कर रहा है और विकास कार्यों में नागरिकों की सहभागिता अत्यंत महत्वपूर्ण है।
स्मृति चिन्ह भेंट कर किया सम्मान
कार्यक्रम के अंत में आवासीय समिति की ओर से मेयर को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। होली मिलन का यह आयोजन सामाजिक एकता, सौहार्द और विकास के संकल्प का प्रतीक बनकर सामने आया।






