जेमिनी एंटरप्राइज और विभागीय अभियंताओं के बीच बनी सहमति, घाटशिला चुनाव के बाद होगा भुगतान
जमशेदपुर : गोविंदपुर जलापूर्ति योजना से जुड़ी राहतभरी खबर सामने आई है। जेमिनी एंटरप्राइज के संचालक अरुण कुमार ने बताया कि कल से गोविंदपुर में जलापूर्ति निर्धारित समय पर बहाल की जाएगी।
देर रात हुई बैठक के बाद लिया गया फैसला
इस संबंध में जेमिनी एंटरप्राइज के प्रतिनिधियों और अधीक्षण अभियंता के बीच देर रात बैठक हुई।
बैठक में यह निर्णय लिया गया कि घाटशिला विधानसभा चुनाव समाप्त होने तक जलापूर्ति सामान्य रूप से जारी रहेगी।
विभागीय अभियंता ने बताया कि चुनाव के बाद बकाया भुगतान से संबंधित निर्णय लिया जाएगा।
23 महीने के बकाया भुगतान को लेकर रोकी गई थी आपूर्ति
गौरतलब है कि करीब 23 महीने का बकाया भुगतान नहीं होने के कारण कंपनी ने आज जल आपूर्ति रोक दी थी, जिससे गोविंदपुर जलापूर्ति योजना से जुड़े सैकड़ों लाभुकों को पूरे दिन पानी नहीं मिल पाया।
जलापूर्ति ठप होने से क्षेत्र में पेयजल संकट की स्थिति उत्पन्न हो गई थी।
हालांकि अब प्रशासनिक हस्तक्षेप और वार्ता के बाद स्थिति सामान्य करने की दिशा में कदम उठा लिया गया है।
कंपनी और विभाग दोनों ने दी आश्वस्ति
कंपनी के संचालक अरुण कुमार ने कहा —
“हमारी प्राथमिकता है कि आम जनता को किसी प्रकार की असुविधा न हो। बकाया भुगतान को लेकर सकारात्मक संकेत मिले हैं, इसलिए कल से पानी की आपूर्ति फिर से शुरू की जाएगी।”


