फरार आरोपी गिरफ्तार, देशी पिस्तौल और जिंदा गोली बरामद
जमशेदपुर : जमशेदपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। 21 दिसंबर को गोविंदपुर थाना क्षेत्र में हुई फायरिंग की घटना में फरार चल रहे आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। यह घटना कृष्ण नगर इलाके में एक पार्टी के दौरान घटी थी, जिसमें वीरेंद्र महतो के पैर में गोली लगी थी।
जाल बिछाकर पकड़ा गया आरोपी
इस मामले में फरार आरोपी बृजेश कुमार कामत की तलाश पुलिस लगातार कर रही थी। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने रणनीति बनाते हुए जाल बिछाया और उसे गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की। गिरफ्तारी के दौरान आरोपी के पास से एक देशी पिस्तौल और एक जिंदा गोली भी बरामद की गई है।
पहले से दर्ज है आपराधिक इतिहास
पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी बृजेश कुमार कामत का आपराधिक इतिहास पहले से गोविंदपुर थाना में दर्ज है। पुलिस का मानना है कि आरोपी आपराधिक गतिविधियों में लगातार संलिप्त रहा है।
न्यायिक हिरासत में भेजा गया आरोपी
इस संबंध में जानकारी देते हुए सिटी एसपी जमशेदपुर कुमार शिवाशीष ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर सभी आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है, ताकि घटना से जुड़े अन्य पहलुओं का भी खुलासा हो सके।





