Jamshedpur : बोकारो जिले के गोमिया प्रखंड अंतर्गत गुरुडीह पंचायत की मुखिया सपना कुमारी, जो 2 अक्टूबर से लापता थीं, उन्हें पुलिस ने रांची से सुरक्षित बरामद कर लिया है। यह कार्रवाई रांची पुलिस की सहायता से बोकारो पुलिस द्वारा की गई।
कैसे हुई थी लापता?
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 2 अक्टूबर को गांधी जयंती कार्यक्रम में हिस्सा लेने के बाद सपना कुमारी अपने घर लौटी थीं। कार्यक्रम समाप्त होने के कुछ समय बाद वह दोबारा बाहर निकलीं, लेकिन उसके बाद से उनका कोई पता नहीं चला।
परिजनों ने जब देर तक कोई जानकारी नहीं मिलने पर गोमिया थाना में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तुरंत तफ्तीश शुरू कर दी।
पुलिस ने चलाया सघन सर्च ऑपरेशन
जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि सपना कुमारी राज्य की राजधानी रांची में हो सकती हैं। इस सुराग के आधार पर बोकारो पुलिस ने रांची पुलिस की मदद ली और संयुक्त कार्रवाई करते हुए उन्हें वहां से सकुशल बरामद कर लिया। थाना प्रभारी ने पुष्टि की कि सपना कुमारी अब पूरी तरह सुरक्षित हैं और उन्हें परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है।
जांच अभी जारी
फिलहाल, यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि सपना कुमारी किस कारणवश बिना सूचना दिए रांची पहुंचीं। पुलिस ने कहा है कि मामले की विस्तृत जांच की जा रही है और जल्द ही पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया जाएगा।



