जमशेदपुर : गोविंदपुर में इस बार काली पूजा का स्वर्ण जयंती वर्ष श्रद्धा और भव्यता से मनाया गया। नवयुवक काली पूजा समिति, गोविंदपुर द्वारा आयोजित इस ऐतिहासिक अवसर पर प्रसिद्ध भोजपुरी लोकगायक गोलू राजा और लोकगायिका बबीता सागर ने अपनी मधुर प्रस्तुतियों से माहौल भक्तिमय बना दिया।
कार्यक्रम के दौरान हजारों श्रद्धालु माँ काली की भक्ति में सराबोर होकर उपस्थित रहे। मंच से जब गोलू राजा ने छठ महापर्व और देवी गीतों की श्रृंखला शुरू की, तो पूरा गोविंदपुर भक्ति की धुनों में झूम उठा।

भजन संध्या में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
छठ पर्व के अवसर पर आयोजित इस भजन संध्या में क्षेत्र के लोगों का अपार उत्साह देखने को मिला। आसपास के इलाकों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। पूरा कार्यक्रम आस्था, संगीत और संस्कृति का संगम बन गया।
गोलू राजा और बबीता सागर ने अपनी मनमोहक आवाज़ से माँ काली और सूर्य देव की आराधना करते हुए भक्ति का अद्भुत वातावरण निर्मित किया।
विधायक मंगल कालिंदी ने किया स्वागत
कार्यक्रम की शुरुआत विधायक मंगल कालिंदी, जिला परिषद सदस्य डॉ. परितोष सिंह, अध्यक्ष शंभुनाथ सिंह, महासचिव शैलेंद्र सिंह, सुनील सिंह, अशोक सिंह, राम नवमी सिंह, रमन सिंह, राधे श्याम सिंह और उदय यादव द्वारा संयुक्त रूप से की गई।
उन्होंने गोलू राजा और बबीता सागर को शॉल ओढ़ाकर स्वागत किया और भजन संध्या का विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर सभी अतिथियों ने समिति के प्रयासों की सराहना की और आयोजन को गोविंदपुर की आस्था का प्रतीक बताया।



