नाली और पेवर्स ब्लॉक सड़कों के निर्माण को मिली हरी झंडी
जमशेदपुर : पूर्वी जमशेदपुरवासियों को आज नाली व पेवर्स ब्लॉक सड़कों के रूप में बड़ी सौगात मिली। नगर विकास एवं आवास विभाग द्वारा स्वीकृत इन विकास योजनाओं का शिलान्यास समारोह बड़े हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। मुख्य अतिथि के रूप में सांसद विद्युत वरण महतो और जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा दास साहू ने इन योजनाओं का विधिवत उद्घाटन किया। इस शिलान्यास कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और जनप्रतिनिधि मौजूद थे। कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए स्थानीय प्रशासन और नगर विकास विभाग की भूमिका भी सराहनीय रही।
तीन योजनाएं भेजीं, दो को मिली स्वीकृति : पुर्णिमा साहू
शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान विधायक पूर्णिमा दास साहू ने बताया कि उन्होंने पूर्वी क्षेत्र के लिए तीन प्रमुख विकास योजनाओं का प्रस्ताव विभाग को भेजा था। इनमें से दो योजनाओं को मंजूरी मिल चुकी है और आज उन्हीं का शिलान्यास किया गया है। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं से स्थानीय नागरिकों को वर्षों से चली आ रही सड़क और जल निकासी की समस्याओं से राहत मिलेगी।
सांसद बोले: क्षेत्रीय विकास को लेकर हम प्रतिबद्ध
इस अवसर पर सांसद विद्युत वरण महतो ने कहा कि पूर्वी जमशेदपुर क्षेत्र में विकास कार्यों की रफ्तार बढ़ी है और हम सभी जनप्रतिनिधि मिलकर इसे और तेज करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने बताया कि कुछ योजनाओं पर अभी कार्य शुरू नहीं हुआ है, लेकिन सभी योजनाओं को चिह्नित कर लिया गया है और जल्द ही उन पर भी काम शुरू होगा।



