पंचायत प्रतिनिधियों ने फ्लाई ऐश प्रदूषण पर जताई चिंता
जमशेदपुर : जमशेदपुर के गोविंदपुर क्षेत्र में फ्लाई ऐश ट्रांसपोर्टिंग के दौरान फैल रहे प्रदूषण को लेकर पंचायत प्रतिनिधियों ने कड़ा रुख अपनाया है। प्रतिनिधियों ने टाटा पावर प्रबंधन को एक ज्ञापन गोविंदपुर थाना प्रभारी के माध्यम से सौंपा। ज्ञापन में कहा गया है कि फ्लाई ऐश की ट्रांसपोर्टिंग के दौरान सड़कों पर गिरने से वातावरण दूषित हो रहा है, जिससे लोगों में चर्म रोग और आंखों के संक्रमण का खतरा बढ़ गया है।
ज्ञापन में रखी गईं प्रमुख मांगें
पंचायत प्रतिनिधियों ने फ्लाई ऐश ट्रांसपोर्टिंग को नियंत्रित करने के लिए कुछ महत्वपूर्ण नियमों के पालन की मांग की है:
- फ्लाई ऐश ले जाने वाले वाहन पूरी तरह से ढके होने चाहिए।
- ओवरलोडिंग पर सख्त रोक लगाई जाए ताकि सड़कों पर ऐश न गिरे।
- प्रत्येक दिन सुबह अन्ना चौक से नया रोड तक मजदूरों द्वारा सफाई कर फ्लाई ऐश हटाया जाए।
- सड़कों पर नियमित रूप से पानी का छिड़काव किया जाए ताकि धूल उड़ने से बचा जा सके।
- सुबह 5:00 से 8:00 बजे और शाम 4:00 से रात 9:00 बजे तक फ्लाई ऐश वाहनों का परिचालन बंद रखा जाए।
- टाटा पावर कंपनी हर महीने गोविंदपुर में मेडिकल कैंप आयोजित करे ताकि प्रदूषण से प्रभावित लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण हो सके।

स्थानीय प्रतिनिधियों की सख्त कार्रवाई
ज्ञात हो कि बीते दिनों स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने ओवरलोडेड और बिना ढके वाहनों को चांदनी चौक पर रोक दिया था। हालांकि, गोविंदपुर थाना प्रभारी के हस्तक्षेप के बाद वाहनों को छोड़ा गया।

ज्ञापन सौंपने वाले प्रतिनिधियों के नाम
ज्ञापन सौंपने वालों में पंचायत समिति सदस्य आर्या देवी, संगीता देवी, अंजय सिंह भोला, रीना सरदार, मुखिया राखी सरदार, सोनिका सरदार, गीरबाला देवी, आलोक साडिल और रंजीत सरदार शामिल थे।



