कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय से शुरू हुआ एमडीए अभियान, 500 से अधिक छात्राओं को खिलाई गई दवा

जमशेदपुर : पोटका प्रखंड में राज्य सरकार के स्वास्थ्य विभाग द्वारा संचालित फाइलेरिया उन्मूलन अभियान (एमडीए) का शुभारंभ मंगलवार को कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय परिसर में किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पोटका विधायक संजीव सरदार ने दीप प्रज्ज्वलित कर तथा स्वयं फाइलेरिया रोधी दवा का सेवन कर अभियान की औपचारिक शुरुआत की।
इस अवसर पर विद्यालय की 500 से अधिक छात्राओं को फाइलेरिया रोधी दवा खिलाई गई, जिससे अभियान को लेकर जागरूकता का सकारात्मक संदेश गया।
“फाइलेरिया मुक्त पोटका” बनाने की विधायक की अपील
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक संजीव सरदार ने कहा कि फाइलेरिया (हाथी पांव) एक गंभीर, कष्टदायक और दीर्घकालिक बीमारी है, जो व्यक्ति के जीवन को बुरी तरह प्रभावित करती है। इस बीमारी को जड़ से समाप्त करने के लिए सरकार द्वारा यह अभियान चलाया जा रहा है।
उन्होंने आमजन से अपील की कि दो वर्ष से अधिक उम्र के सभी लोग फाइलेरिया रोधी दवा का सेवन अवश्य करें। विधायक ने कहा कि जब तक समाज का हर वर्ग इसमें सहयोग नहीं करेगा, तब तक फाइलेरिया मुक्त पोटका का लक्ष्य पूरा नहीं हो सकता।

10 से 25 फरवरी तक चलेगा अभियान, 2 लाख से अधिक लोगों को दवा देने का लक्ष्य
कार्यक्रम के दौरान चिकित्सा प्रभारी डॉ. रजनी महाकुड़ ने जानकारी दी कि यह फाइलेरिया उन्मूलन अभियान 10 फरवरी से 25 फरवरी तक चलेगा। इस दौरान आंगनबाड़ी सेविका एवं सहिया डोर-टू-डोर जाकर लोगों को दवा खिलाएंगी।
उन्होंने बताया कि पोटका स्वास्थ्य विभाग द्वारा कुल 2,06,733 ग्रामीणों को दवा खिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। गंभीर रूप से बीमार व्यक्ति, गर्भवती महिलाएं और दो वर्ष से कम उम्र के बच्चों को छोड़कर सभी लोग सुरक्षित रूप से इस दवा का सेवन कर सकते हैं।

स्वास्थ्य विभाग व विद्यालय प्रबंधन की सक्रिय भागीदारी
इस कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग के सुनील तिर्की, अनामिका कुमारी, पलाश मंडल, तुसार मंडल, देबाशीष भगत, मनोज शर्मा (पिरामल), केआर अंजली सहित कई स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित थे।
वहीं विद्यालय प्रबंधन की ओर से वार्डन रूमा हलधर, शिक्षिकाएं ज्योति सागर, मीणा धनवार, सुमिता कुमारी, काजल मुनि सरदार, कमला मुंडा समेत अन्य शिक्षक एवं कर्मचारी भी मौजूद रहे।





