Jamshedpur : पूर्वी सिंहभूम जिला प्रशासन द्वारा 79वें स्वतंत्रता दिवस पर जिला स्तरीय मुख्य समारोह का आयोजन भव्य रूप से गोपाल मैदान, बिष्टुपुर में किया गया। उपायुक्त सह जिला दण्डाधिकारी श्री कर्ण सत्यार्थी ने झंडोत्तोलन कर राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी। इस अवसर पर वीर नारियों, वरीय पुलिस अधीक्षक श्री पीयूष पांडेय, उप विकास आयुक्त श्री नागेन्द्र पासवान सहित जिला एवं पुलिस प्रशासन के वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित रहे।

उपायुक्त का संबोधन: स्वतंत्रता से समृद्धि की ओर
उपायुक्त श्री कर्ण सत्यार्थी ने अपने संबोधन में जिलेवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए स्वतंत्रता सेनानियों को नमन किया। उन्होंने झारखंड आंदोलन के प्रेरणास्रोत स्व. दिशोम गुरु शिबू सोरेन जी को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
उन्होंने जिले के समग्र विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य, ग्रामीण विकास, सामाजिक कल्याण, आजीविका संवर्धन, जलापूर्ति, कृषि, पशुपालन, उद्यान, शहरी विकास और महिला सशक्तिकरण के क्षेत्रों में की गई प्रमुख उपलब्धियों को साझा किया।



