जमशेदपुर; जमशेदपुर के मानगो थाना क्षेत्र स्थित गांधी मैदान में उस समय तनाव फैल गया जब दुर्गा पूजा पंडाल का निर्माण कर रहे बंगाल से आए कारीगरों पर एक विशेष समुदाय के कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा मारपीट और लूटपाट की घटना को अंजाम दिया गया।
घटना के बाद पूजा समिति के संरक्षक नीरज सिंह और हिंदू संगठनों के प्रतिनिधियों ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) से मुलाकात कर हमलावरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
कारीगरों को तलवार और चापड़ दिखाकर डराया गया
पूजा समिति के अनुसार, कारीगरों को तलवार और चापड़ दिखाकर धमकाया गया और उनके सामान भी छीन लिए गए।
इस घटना को लेकर पूजा समिति और स्थानीय सनातन समाज में भारी रोष व्याप्त है।
नीरज सिंह ने कहा:
“हम सनातन समाज के लोग हर धर्म के पर्व में सहयोग करते हैं। हम यही अपेक्षा रखते हैं कि अन्य समुदाय भी हमारे पर्वों का सम्मान करें, न कि माँ दुर्गा के पंडाल में काम कर रहे लोगों से मारपीट करें।
ग्रामीण एसपी को सौंपा गया ज्ञापन
पूजा समिति ने ग्रामीण एसपी ऋषभ गर्ग को लिखित ज्ञापन सौंपा है, जिसमें उन्होंने घटना में शामिल असामाजिक तत्वों की पहचान कर सख्त कार्रवाई की मांग की है। इस बीच समिति ने यह चेतावनी भी दी है कि यदि ऐसी घटनाएँ दोहराई गईं, तो शहर का माहौल बिगड़ सकता है।
प्रशासन की प्रतिक्रिया: “माहौल बिगाड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी”
ग्रामीण एसपी ऋषभ गर्ग ने मीडिया से बातचीत में कहा:
“पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। दुर्गा पूजा जैसे संवेदनशील मौके पर कोई भी असामाजिक तत्व अपने मंसूबों में सफल नहीं हो पाएगा। माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।”



