शंख मैदान में भक्ति संगीत का संगम, छठ घाट पर गूंजेगा भजनों का स्वर—रघुवर दास ने शुरू की थी यह परंपरा
जमशेदपुर : सूर्य मंदिर परिसर इस बार 27 अक्टूबर छठ के संध्या अर्घ्य की रात छठ महापर्व पर भक्ति और संगीत की गूंज से सराबोर रहेगा। सूर्य मंदिर समिति की ओर से इस वर्ष प्रसिद्ध गजल, भजन और लोक गायिका डिंपल भूमि तथा लोकप्रिय गायिका मानवी सिंह को आमंत्रित किया गया है, जो शंख मैदान में भक्ति संध्या के अवसर पर अपनी प्रस्तुति देंगी।

डिंपल भूमि, जो औरंगाबाद (अंबा) की रहने वाली हैं, अपनी सुमधुर आवाज़ और भक्ति गीतों के लिए प्रसिद्ध हैं। उनके चर्चित भजन—
🎵 “जरा देर ठहरो राम तमन्ना यही है”
🎵 “घर में पधारो गजानन जी”
🎵 “एक राधा एक मीरा”
श्रोताओं के दिलों को छू चुके हैं।

वहीं, उनके साथ मंच साझा करेंगी मानवी सिंह, जिनके प्रसिद्ध गीत—
🎶 “जम्मू की तुम टिकट कटा लो”
🎶 “मां के भवन को जाऊंगी”
भक्ति रस से ओत-प्रोत हैं और श्रोताओं के बीच बेहद लोकप्रिय हैं।
रघुवर दास ने विधायक काल से की थी भक्ति कार्यक्रम की शुरुआत
सूर्य मंदिर परिसर में छठ महापर्व के अवसर पर प्रतिवर्ष भक्ति संगीत कार्यक्रम आयोजित करने की यह परंपरा पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने अपने विधायक कार्यकाल के दौरान शुरू की थी। तब से लेकर आज तक यह सांस्कृतिक परंपरा निरंतर जारी है, जो हर वर्ष छठ पूजा की शाम को श्रद्धालुओं को संगीत और आस्था का अद्भुत संगम प्रदान करती है।
सूर्य मंदिर समिति ने दी जानकारी
सूर्य मंदिर समिति के संरक्षक चंद्रगुप्त सिंह, अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह, और प्रवक्ता प्रमोद मिश्रा ने बताया कि इस वर्ष भी श्रद्धालुओं के लिए विशेष व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंधन, और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की तैयारी पूरी कर ली गई है। समिति का उद्देश्य है कि छठ व्रतधारी और श्रद्धालु भक्ति भाव के साथ भगवान भास्कर की आराधना का आनंद ले सकें।



