विधायक सरयू राय का SSP को पत्र, बोले– थाना प्रभारी ने हमलावरों की मदद कर पुलिस की साख को किया दागदार
जमशेदपुर : शहर के चर्चित डीसी लाउंज (बिष्टुपुर और साकची शाखा) पर हुए हमले के मामले में जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) को पत्र लिखकर हमलावरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। साथ ही उन्होंने बिष्टुपुर थाना प्रभारी की भूमिका पर गंभीर सवाल उठाते हुए जांच कर विधिसम्मत कार्रवाई करने को कहा है।

प्रतिष्ठान में हुई अमानवीय तोड़फोड़, विधायक ने दौरा कर देखे हालात
सरयू राय ने बताया कि उन्होंने गुरुवार को स्वयं डीसी लाउंज बिष्टुपुर और साकची का दौरा किया, जहां उन्होंने हमले के बाद का वीभत्स दृश्य देखा। उन्होंने इसे मानवता को शर्मसार करने वाला कृत्य बताते हुए कहा कि यह हमला एक पूर्व नियोजित और सुनियोजित दबंगई का नतीजा था।

बिष्टुपुर थाना प्रभारी ने हमलावरों की मदद की”
पत्र में विधायक राय ने आरोप लगाया है कि साकची में जब नागरिकों ने हमलावरों का विरोध किया, तो वे भाग गए और अपनी पांच मोटरसाइकिलें छोड़ गए। इस बीच बिष्टुपुर थाना प्रभारी अपने वाहन से घटनास्थल पहुंचे और लोगों को डांट-फटकार कर तितर-बितर किया। उनके वाहन से उतरे कुछ लोग छूटी हुई मोटरसाइकिलों को स्टार्ट कर वहां से ले गए।
सवाल ये उठा कि:
👉 बिष्टुपुर थाना प्रभारी साकची क्षेत्र में क्यों आए?
👉 क्या उन्होंने साकची थाने को सूचना दी?
👉 क्यों उन्होंने हमलावरों की गाड़ियां छुड़वाई?
साकची थाना से पूछताछ में पता चला कि बिष्टुपुर थाना प्रभारी ने इस बाबत कोई सूचना नहीं दी थी। इससे साफ है कि उन्होंने अपने क्षेत्राधिकार का उल्लंघन करते हुए, अपराधियों की मदद की।



