खुले सेप्टिक टैंक में गिरने से 5 वर्षीय मासूम की मौत, विधायक पूर्णिमा साहू ने दिए जांच के निर्देश
मासूम की मौत के बाद हड़कंप, विधायक ने अधिकारियों को मौके पर बुलाया
जमशेदपुर : बिरसानगर थाना क्षेत्र के मोहरदा स्थित आस्था ट्विन सिटी में शनिवार को हुए दर्दनाक हादसे में 5 वर्षीय आदर्श कुमार की खुले सेप्टिक टैंक में गिरने से मौत हो गई। आदर्श मानगो के कुमरूम बस्ती निवासी मजदूर तपन कुंभकार का पुत्र था।
बताया जा रहा है कि बच्चा घर के पास ही खेल रहा था, तभी खेल-खेल में वह खुले पड़े सेप्टिक टैंक में गिर गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

विधायक पूर्णिमा साहू पहुंचीं घटनास्थल पर, तत्काल कार्रवाई के दिए निर्देश
घटना की जानकारी मिलते ही जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू रविवार सुबह बिरसानगर थाना प्रभारी के साथ मौके पर पहुंचीं। उन्होंने:
घटनास्थल का निरीक्षण किया
डीडीसी (उप विकास आयुक्त) और जिला परिषद के सहायक अभियंता से मौके से ही फोन पर बातचीत कर तत्काल जांच और कार्रवाई का निर्देश दिया
सहायक अभियंता ने तुरंत मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया
सभी खुले सेप्टिक टैंकों को ढंकने के निर्देश
विधायक पूर्णिमा साहू ने घटनास्थल पर मौजूद अधिकारियों से कहा:
“इस दर्दनाक हादसे के बावजूद क्षेत्र में कई सेप्टिक टैंक अब भी खुले हैं, जो भविष्य में और भी गंभीर दुर्घटनाओं को न्योता दे सकते हैं।”
उन्होंने सभी खुले टैंकों को तुरंत ढक्कन से ढकने और सुरक्षा इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। डीडीसी ने आश्वासन दिया कि जल्द ही कार्रवाई की जाएगी।
पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता का आश्वासन
विधायक ने पीड़ित परिजनों से मुलाकात कर गहरी संवेदना व्यक्त की और उन्हें भरोसा दिलाया कि उन्हें हरसंभव सहायता दी जाएगी
दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी
ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति को रोकने के लिए स्थायी समाधान किए जाएंगे


विधायक ने अन्य शोकाकुल परिवारों से भी की मुलाकात
विधायक पूर्णिमा साहू ने रविवार को बिरसानगर, गाढ़ाबासा तथा नामदा बस्ती क्षेत्रों में जाकर अलग-अलग शोक संतप्त परिवारों से मुलाकात की और परिजनों को सांत्वना दी। विधायक पूर्णिमा साहू ने सबसे पहले भाजयुमो बिरसानगर मंडल अध्यक्ष मनीष पांडेय के बिरसानगर स्थित आवास पहुंचकर उनके स्वर्गीय पिता के निधन पर गहरी संवेदना व्यक्त की। इसके बाद वह भाजपा गोलमुरी मंडल के पूर्व अध्यक्ष धीरज पासवान के गाढ़ाबासा, माहुलबेड़ा चौक स्थित आवास पहुंचीं। उन्होंने उनके स्वर्गीय पिता के निधन पर शोक जताते हुए दिवंगत पुण्यात्मा के शांति की प्रार्थना की। उन्होंने बर्मामाइंस ट्यूब कंपनी गेट के पास सड़क दुर्घटना में दिवंगत 18 वर्षीय शरण सिंह के नामदा बस्ती, नानक नगर स्थित आवास पर भी जाकर परिजनों से मुलाकात की और उन्हें ढाढ़स बंधाया। साथ ही, बर्मामाइंस थाना प्रभारी से फोन पर बात कर मामले में शीघ्र एवं न्यायोचित कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। अंत में उन्होंने भाजपा के वरिष्ठ कार्यकर्ता रहे नामदा बस्ती निवासी केसरी पहलवान के परिवार से मुलाकात की।



