Chandil : झारखंड के सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल में शनिवार तड़के एक भीषण रेल हादसा हो गया, जब दो मालगाड़ियां आमने-सामने टकरा गईं। हादसा चांडिल रेलवे स्टेशन से करीब दो किलोमीटर दूर, पोल संख्या 375/22 के पास सुबह लगभग 4:15 बजे हुआ। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों ट्रेनों के कई डिब्बे पटरी से उतर गए और लोकोमोटिव बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।
अप और डाउन लाइन पर परिचालन ठप
टक्कर के बाद ट्रैक पर मलबा फैल गया, जिससे चांडिल-टाटानगर और चांडिल-बोकारो रूट पर अप और डाउन दोनों लाइन का परिचालन पूरी तरह से रुक गया। दुर्घटनाग्रस्त ट्रेनों में से एक टाटानगर से बोकारो जा रही थी, जबकि दूसरी बोकारो से टाटानगर की ओर आ रही थी। प्रारंभिक जांच में सिग्नलिंग सिस्टम में तकनीकी खामी को संभावित कारण माना जा रहा है।
ग्रामीणों और राहत टीम ने मिलकर किया बचाव कार्य
टक्कर के बाद तेज धमाके की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे और बचाव कार्य में जुट गए।सूचना मिलते ही दक्षिण-पूर्व रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी, दुर्घटना राहत ट्रेन और मेडिकल टीम मौके पर पहुंच गई। चालक दल के कुछ सदस्यों को मामूली चोटें आईं, जिन्हें नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। भारी मशीनों की मदद से मलबा हटाने और ट्रैक बहाली का कार्य जारी है।
रेल यातायात और माल परिवहन पर असर
हादसे के चलते चांडिल-टाटानगर और चांडिल-बोकारो रूट पर सभी यात्री और मालगाड़ियों का संचालन रद्द कर दिया गया है।कई ट्रेनों को डायवर्ट या शॉर्ट-टर्मिनेट किया गया है।स्टेशनों पर हेल्पडेस्क और अनाउंसमेंट के जरिए यात्रियों को लगातार अपडेट दिया जा रहा है। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि ट्रैक बहाली में 24 घंटे से अधिक समय लग सकता है। यात्रियों से अपील की गई है कि वे अनावश्यक यात्रा से बचें और रेलवे की वेबसाइट या हेल्पलाइन से जानकारी लें।
उच्चस्तरीय जांच के आदेश
रेलवे ने इस भीषण हादसे की उच्चस्तरीय जांच के आदेश दिए हैं। प्रशासन ने कहा है कि माल परिवहन पर भी इसका गंभीर असर पड़ा है और बहाली के लिए सभी संसाधन लगाए जा रहे हैं।



