
बॉलीवुड–भोजपुरी सितारों समेत कंपनी निदेशकों पर साकची थाना में दर्ज हुआ मामला


जमशेदपुर : शहर में निवेश के नाम पर ठगी और आपराधिक साजिश का एक गंभीर मामला सामने आया है। चीफ ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट न्यायालय के आदेश पर साकची थाना में मैक्सिजोन टच प्राइवेट लिमिटेड, उसके निदेशकों और कई नामी फिल्मी कलाकारों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। यह कार्रवाई दो अलग-अलग शिकायतों के आधार पर की गई है, जिनमें निवेशकों से करीब 25 लाख रुपये की ठगी का आरोप लगाया गया है।


15 प्रतिशत मासिक रिटर्न का झांसा, 8 लाख की ठगी का आरोप
पहला मामला बर्मामाइंस निवासी जस्पाल सिंह से जुड़ा है। शिकायत के अनुसार वर्ष 2021–22 के दौरान मैक्सिजोन टच प्राइवेट लिमिटेड के निदेशकों और कंपनी के जमशेदपुर हेड सूर्यनारायण पात्रो ने उन्हें 15 प्रतिशत मासिक रिटर्न का लालच देकर निवेश के लिए प्रेरित किया।
कंपनी के प्रचार में बॉलीवुड और भोजपुरी सिनेमा के चर्चित कलाकारों—गोविंदा, शक्ति कपूर, राजा मुराद, चंकी पांडेय तथा भोजपुरी अभिनेता व सांसद मनोज तिवारी के विज्ञापन दिखाए गए, जिससे प्रभावित होकर शिकायतकर्ता ने अलग-अलग तिथियों में बैंक ट्रांजेक्शन के माध्यम से कुल 8 लाख रुपये निवेश किए।
आरोप है कि न तो तय समय पर कोई रिटर्न दिया गया और न ही मूल राशि वापस की गई। जब पैसे की मांग की गई तो आरोपियों ने मारपीट और जान से मारने की धमकी दी।
कोर्ट के आदेश पर दर्ज हुआ केस, पुलिस जांच में जुटी
दोनों पीड़ितों ने पहले स्थानीय थाना और एसएसपी कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने पर उन्होंने न्यायालय की शरण ली। अदालत के आदेश पर साकची थाना में मैक्सिजोन टच प्राइवेट लिमिटेड, उसके निदेशक चंद्र भूषण सिंह, प्रियंका सिंह, कंपनी हेड सूर्यनारायण पात्रो तथा फिल्मी कलाकार गोविंदा, शक्ति कपूर, राजा मुराद, चंकी पांडेय और भोजपुरी अभिनेता सह सांसद मनोज तिवारी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 115(2), 126(2), 127(2), 318(4), 316(2), 338, 336(3), 352 और 61(2) के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।




