स्थानीय निवासियों ने लगाया आरोप—“टाटा स्टील अपने वादों से पीछे हटती जा रही है”

जमशेदपुर : बर्मामाइंस क्षेत्र में प्रदूषण लगातार चिंता का विषय बन गया है। इसी मुद्दे पर गुरुवार को स्थानीय निवासियों ने वर्मामाइंस दुर्गा पूजा मैदान में खड़े सभी वाहनों का जोरदार विरोध किया और उन्हें पार्किंग स्थल से बाहर करवाया। लोगों का आरोप है कि बढ़ते प्रदूषण और जाम की समस्या से उनका जीवन कठिन होता जा रहा है।
टाटा स्टील से हुई बैठक, वादे हुए लेकिन कार्रवाई नदारद
कुछ दिनों पहले बर्मामाइंस दुर्गा पूजा समिति और टाटा स्टील प्रबंधन के बीच बैठक हुई थी।
बैठक में कंपनी ने—
दुर्गा पूजा मैदान को अतिक्रमण से मुक्त रखने,
वहां पार्क बनाए जाने,
और लोगों की सुविधा का ध्यान रखने
जैसे आश्वासन दिए थे।
लेकिन स्थानीय नागरिकों का कहना है कि टाटा स्टील की ओर से रोजाना मैदान को अस्थायी पार्किंग के रूप में इस्तेमाल किया जा रहा है। अब कंपनी की ओर से यह भी कहा जा रहा है कि मैदान में स्थायी पार्किंग बनाई जाएगी।
बढ़ते जाम और वायु प्रदूषण से त्रस्त लोग

एक दिन किसी बड़ी दुर्घटना की आशंका”—निवासी
दिनभर धूल और धुआं हवा में फैलता रहता है
सड़क पर लगातार जाम की स्थिति बनी रहती है
खासकर बर्मामाइंस से हरिजन बस्ती जाने वाला मार्ग हमेशा अवरुद्ध रहता है
इससे बच्चों को सुबह स्कूल जाने में भारी परेशानी झेलनी पड़ती है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि बर्मामाइंस जमशेदपुर का सबसे प्रदूषित क्षेत्र बन चुका है। प्रदूषण से कई लोग सांस और त्वचा संबंधी बीमारियों का सामना कर रहे हैं।
लोगों ने चेतावनी दी कि लगातार बढ़ते जाम और अव्यवस्थित पार्किंग से कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है
निवासियों की मांग—पहले समाधान, बाद में पार्किंग
स्थानीय लोगों का कहना है—
पहले प्रदूषण और जाम के समाधान किए जाएं
उसके बाद ही किसी भी पार्किंग योजना पर विचार हो
बर्मामाइंस के लोगों को उनके सांस्कृतिक और सामाजिक आयोजनों के लिए जगह सुनिश्चित की जाए
निवासियों का आरोप है कि “टाटा स्टील बार-बार वादे करके पीछे हट जाती है।”

समिति के अध्यक्ष रामबाबू तिवारी बोले—‘समस्या हल न हुई तो विरोध जारी रहेगा’
बर्मामाइंस समिति के अध्यक्ष रामबाबू तिवारी ने कहा कि यहां की जनता रोज नई समस्याओं से जूझ रही है।
उन्होंने साफ कहा—
“जब तक टाटा स्टील प्रदूषण और जाम की समस्या से हमें मुक्ति नहीं दिलाती, तब तक बर्मामाइंस का विरोध जारी रहेगा।”




