
मोहम्मद यूनुस का पुतला दहन, भारत सरकार से निर्णायक कदम उठाने की मांग
जमशेदपुर : बांग्लादेश में हिंदू समाज पर हो रहे कथित हमलों, उत्पीड़न और मानवाधिकार उल्लंघन के विरोध में देशभर में आक्रोश देखा जा रहा है। इसी क्रम में रविवार को जमशेदपुर में भाजपा महिला मोर्चा ने सख्त विरोध दर्ज कराया। साकची स्थित भाजपा जमशेदपुर महानगर जिला कार्यालय के समीप महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने बांग्लादेश की अंतरिम सरकार के प्रमुख मोहम्मद यूनुस का पुतला दहन कर विरोध प्रदर्शन किया।
कैंडल जलाकर जताया आक्रोश
“हिंदुओं को चुन-चुनकर बनाया जा रहा निशाना” – कार्यकर्ता
महिला मोर्चा अध्यक्ष नीलू मछुआ के नेतृत्व में हुए प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने कैंडल जलाकर विरोध दर्ज कराया और बांग्लादेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि बांग्लादेश में हिंदू समुदाय को चुन-चुनकर निशाना बनाया जा रहा है, उनके घर जलाए जा रहे हैं, मंदिरों को नुकसान पहुंचाया जा रहा है, और महिलाओं व बच्चों तक को नहीं बख्शा जा रहा, जो मानवता पर गंभीर आघात है।
नीलू मछुआ का तीखा बयान
अंतरराष्ट्रीय मंचों पर मुद्दा उठाने की अपील
भाजपा जमशेदपुर महानगर महिला मोर्चा अध्यक्ष नीलू मछुआ ने कहा कि बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे अत्याचार किसी भी सूरत में स्वीकार्य नहीं हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि वहां कट्टरपंथी ताकतों को सरकारी संरक्षण मिल रहा है और मोहम्मद यूनुस की सरकार अल्पसंख्यक हिंदुओं की सुरक्षा में विफल साबित हुई है।
उन्होंने भारत सरकार से कड़ा और निर्णायक रुख अपनाने की मांग करते हुए कहा कि इस मुद्दे को अंतरराष्ट्रीय मंचों पर प्रभावी ढंग से उठाया जाए और बांग्लादेश सरकार पर दबाव बनाकर वहां के हिंदू समुदाय को सुरक्षा और न्याय दिलाया जाए।
बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ता रहीं मौजूद
प्रदर्शन में ममता सिंह, मीरा सिंह, संजना साहू, लक्ष्मी शर्मा, मिस्टू सोना, जया शर्मा, सपना सिंह समेत भाजपा महिला मोर्चा की कई कार्यकर्ता उपस्थित रहीं।






