
मेयर और अध्यक्ष पद के लिए भाजपा ने घोषित किए समर्थित उम्मीदवार
जमशेदपुर : जमशेदपुर में प्रस्तावित मानगो नगर निगम और जुगसलाई नगर परिषद के नगर निकाय चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अपने समर्थित उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है।
भाजपा ने मानगो नगर निगम के मेयर पद के लिए पार्टी के व्यापार प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक नीरज सिंह की धर्मपत्नी संध्या सिंह को अपना समर्थित प्रत्याशी बनाया है। वहीं, जुगसलाई नगर परिषद के अध्यक्ष पद के लिए भाजपा नेता एवं व्यवसायी गुड्डू सिंह की पत्नी रिंकू सिंह को उम्मीदवार घोषित किया गया है।
महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा ने की आधिकारिक पुष्टि
कार्यकर्ताओं से चुनाव में पूरी ताकत झोंकने की अपील
इन दोनों नामों की आधिकारिक पुष्टि भाजपा जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा ने की है। उन्होंने पार्टी के सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं से अपील की है कि वे दोनों उम्मीदवारों के समर्थन में एकजुट होकर चुनावी मैदान में पूरी मेहनत से जुटें, ताकि नगर निकाय चुनाव में भाजपा समर्थित उम्मीदवारों को जीत दिलाई जा सके।
जुगसलाई के विकास को लेकर रिंकू सिंह का रोडमैप
पानी, बिजली, पार्किंग और शिक्षा पर रहेगा फोकस
जुगसलाई नगर परिषद से अध्यक्ष पद की भाजपा समर्थित उम्मीदवार रिंकू सिंह ने अपनी प्राथमिकताएं स्पष्ट करते हुए कहा कि यदि उन्हें जनता का समर्थन मिला, तो वे जुगसलाई के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने पर विशेष ध्यान देंगी।
उन्होंने बताया कि उनकी प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल हैं—
टाटा स्टील यूआईएसएल के माध्यम से जुगसलाई में पानी और बिजली की व्यवस्था
वर्तमान आरपी पटेल स्कूल परिसर में एक महिला कॉलेज की स्थापना
जुगसलाई में पेयजल की गुणवत्ता में सुधार
शहर में पार्किंग की समुचित व्यवस्था
बिजली आपूर्ति में सुधार और जर्जर तारों को तत्काल दुरुस्त करना
जरूरत के अनुसार स्ट्रीट लाइट की स्थापना
सफीगंज मोहल्ला में पिछले तीन वर्षों से चली आ रही पानी की समस्या का समाधान
बच्चों और स्वच्छता पर भी रहेगा विशेष जोर
पार्क और कचरा प्रबंधन को लेकर की प्रतिबद्धता
रिंकू सिंह ने कहा कि वे बच्चों के लिए पार्कों का निर्माण, शहर में कचरा निस्तारण का स्थायी समाधान, और साफ-सुथरे जुगसलाई के निर्माण की दिशा में ठोस पहल करेंगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि नगर परिषद क्षेत्र के विकास को लेकर वे जनता की उम्मीदों पर खरा उतरने का प्रयास करेंगी।
सरयू राय से मिली भाजपा अधिकृत उम्मीदवार संध्या और रिंकू सिंह
विधायक सरयू राय ने अपने फेस बुक पर पोस्ट कर तस्वीर साझा करते हुए लिखा कि संध्या सिंह और रिंकू सिंह उनके आवास पर आकर उनसे शिष्टाचार भेंट की।







