बढ़ते अपराध और अपहरण से दहशत में शहरवासी : संजीव सिन्हा
जमशेदपुर : शहर में लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाओं को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने हेमंत सोरेन सरकार और जिला प्रशासन पर कड़ा हमला बोला है। भाजपा जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा ने कहा कि शहर की कानून-व्यवस्था पूरी तरह बेपटरी हो चुकी है और हत्या व अपहरण की घटनाओं से आम नागरिक भयाक्रांत हैं।
टेल्को क्षेत्र में एक के बाद एक हत्याएं, दहशत का माहौल
रामकृष्ण मिशन स्कूल के पास युवक की निर्मम हत्या
संजीव सिन्हा ने बताया कि टेल्को थाना क्षेत्र अंतर्गत रामकृष्ण मिशन स्कूल के समीप एक युवक की धारदार हथियार से गला रेतकर निर्मम हत्या कर दी गई। बाद में मृतक की पहचान गोविंदपुर निवासी अजय श्रीवास्तव (26 वर्ष) के रूप में हुई।
उन्होंने यह भी याद दिलाया कि इसी टेल्को क्षेत्र में कुछ दिन पहले एक अन्य युवक की चापड़ से हत्या की जा चुकी है, जिससे यह स्पष्ट होता है कि अपराधियों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं।
कैरव गांधी अपहरण मामला बना बड़ा सवाल
48 घंटे बाद भी खाली हाथ प्रशासन
इसी बीच, जमशेदपुर के प्रतिष्ठित व्यवसायी एवं आदित्यपुर स्मॉल इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के उपाध्यक्ष देवांग गांधी के 24 वर्षीय पुत्र कैरव गांधी के अपहरण की घटना ने पूरे शहर को झकझोर कर रख दिया है।
भाजपा महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा ने कहा कि अपहरण जैसी गंभीर वारदात के 48 घंटे बीत जाने के बावजूद प्रशासन के हाथ अब तक खाली हैं। यह सुस्ती और ढुलमुल रवैया बेहद चिंताजनक है और सरकार की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े करता है।




