
धूल–धुएं, जाम और दुर्घटनाओं से त्रस्त लोगों ने की निर्णायक बैठक
भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष रामबाबू तिवारी कर रहे हैं नेतृत्व

जमशेदपुर: बर्मामाइंस एवं आसपास के इलाकों में लगातार बढ़ते धूल प्रदूषण, सड़क पर फैले भीषण जाम और रोजाना हो रही दुर्घटनाओं ने स्थानीय निवासियों का जीवन असहनीय बना दिया है। इसी पृष्ठभूमि में रविवार को बर्मामाइंस के शिव मंदिर प्रांगण में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें विभिन्न बस्तियों के प्रतिनिधियों और कई सामाजिक संगठनों ने भाग लिया। बैठक में उपस्थित लोगों ने क्षेत्र में बढ़ती जनता की समस्याओं पर गंभीर चिंता व्यक्त की।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि बस्ती में व्याप्त इन गंभीर समस्याओं के विरोध में 14 दिसंबर को ‘बस्ती बचाओ संघर्ष समिति’ के बैनर तले विशाल धरना–प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा। इसके तहत प्रदर्शनकारी बर्मामाइंस स्थित टाटा कंपनी के दोनों मुख्य गेट जाम कर अपना विरोध दर्ज कराएंगे।
नुवोको कंपनी की अवैध पार्किंग बनी बड़ी समस्या
स्थानीय लोगों ने बताया कि क्षेत्र में उड़ती धूल और बढ़ते प्रदूषण के साथ-साथ सड़कों पर नुवोको कंपनी द्वारा की जा रही अवैध पार्किंग सबसे बड़ी परेशानी बन गई है। भारी वाहनों की अनियंत्रित पार्किंग और आवाजाही के कारण आवागमन बाधित हो रहा है, जिससे घंटों तक जाम की स्थिति बनी रहती है और दुर्घटनाओं की संभावना बढ़ जाती है। लोगों ने आरोप लगाया कि इन समस्याओं पर प्रशासन ने अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की है।
पोस्टल पार्क से होगी आंदोलन की औपचारिक शुरुआत
आंदोलन की अगुवाई कर रहे भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष रामबाबू तिवारी ने सभी सामाजिक संगठनों, बुद्धिजीवियों और विभिन्न राजनीतिक दलों से इस जनआंदोलन में शामिल होने और इसका समर्थन करने की अपील की है।
उन्होंने बताया कि 14 दिसंबर को बुधवार सुबह 9 बजे बिस्टुपुर पोस्टल पार्क में आंदोलन की औपचारिक शुरुआत होगी। यहां उद्योग जगत के पितामह जे.एन. टाटा की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया जाएगा और प्रतिमा के समक्ष आधे घंटे का मौन व्रत रखा जाएगा। इसी के बाद टाटा जी से ‘अनुमति’ लेकर आंदोलन का औपचारिक शंखनाद किया जाएगा।

बैठक में बड़ी संख्या में प्रतिनिधियों की भागीदारी
बैठक में कई सामाजिक कार्यकर्ता और स्थानीय प्रतिनिधि मौजूद रहे। इनमें प्रमुख रूप से
दीपक झा, सूरज सिंह, दुर्गा राव, अभय राय, संतोष सिंह, गुड्डू सिंह, सुरेंदर मिश्रा, महेंदर रजक, संतोष ठाकुर, सौरव श्रीवास्तव, शशि सिंह, विनोद झा, मिथु चौधरी, देवा राय, राम मार्डि, कपूरा सुंडी, महालक्ष्मी देवी, बर्मा कांसारी, दयाल कांसारी, अशोक पाण्डे, धर्म नाग, उज्वल राय, नंदलाल, पवन नाग, शशांक शर्मा, आशीष पाण्डे, राजकुमारी देवी, राम दुलारी देवी, लक्ष्मी यादव, सत्येंद्र रजक समेत अन्य कई लोग शामिल थे।





