जमशेदपुर, घाटशिला : विधानसभा उपचुनाव में राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। नामांकन के पांचवें दिन शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रत्याशी बाबूलाल सोरेन ने विधिवत रूप से अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। इस मौके पर भाजपा ने अपनी पूरी ताकत दिखाते हुए एक बड़ी रैली का आयोजन किया, जिसमें पार्टी के कई दिग्गज नेता भी शामिल हुए।

नामांकन में दिखा भाजपा का शक्ति प्रदर्शन
बाबूलाल सोरेन के नामांकन में झारखंड भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी, पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन, वरिष्ठ विधायक सरयू राय, आजसू पार्टी के सुप्रीमो सुदेश महतो सहित अन्य नेता शामिल हुए। सभी ने एक सुर में बाबूलाल सोरेन के समर्थन में जनता से वोट की अपील की।
घाटशिला विधानसभा सीट पूर्व मंत्री रामदास सोरेन के निधन के कारण खाली हुई थी। झामुमो ने स्वर्गीय रामदास सोरेन के पुत्र सोमेश सोरेन को उम्मीदवार बनाया है, वहीं भाजपा ने बाबूलाल सोरेन को मैदान में उतार कर मुकाबले को सीधा बना दिया है। इस उपचुनाव में झामुमो और भाजपा के बीच सीधा और दिलचस्प टक्कर देखने को मिल रही है।
प्रमुख बिंदु:
भाजपा प्रत्याशी बाबूलाल सोरेन ने नामांकन दाखिल किया
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी, पूर्व मुख्यमंत्री विधायक चंपई सोरेन, कार्यकारी अध्यक्ष आदित्य साहू, विधायक सरयू राय, सांसद विद्युत वरण महतो, आजसू सुप्रीमो सुदेश महतो रहे मौजूद
रामदास सोरेन के निधन से खाली हुई थी घाटशिला सीट
झामुमो से सोमेश सोरेन हैं मैदान में, मुकाबला रोचक



