जमशेदपुर : बागबेड़ा जिला पार्षद डॉ. कविता परमार ने अटल पार्क (वॉयरलेस मैदान) में हाई मास्क लाइट और सौंदर्यीकरण की मांग को लेकर एक मांग पत्र सांसद विद्युत वरण महतो और दक्षिण पूर्व रेलवे के महाप्रबंधक को सौंपा।
अंधेरे में डूबता पार्क, महिलाएं असुरक्षित
पार्षद ने बताया कि अटल पार्क में प्रतिदिन सैकड़ों महिलाएं मॉर्निंग वॉक और योग के लिए आती हैं, लेकिन प्रकाश की समुचित व्यवस्था न होने के कारण अब वहां असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लगने लगा है। उन्होंने मांग की कि:
पार्क में दो हाई मास्क लाइट तत्काल लगाई जाएं।
बैठने की कुर्सियां, साफ-सफाई, और सौंदर्यीकरण के अन्य जरूरी उपाय किए जाएं।
रेल प्रशासन ने दिया आश्वासन
इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में सांसद विद्युत वरण महतो की उपस्थिति में रेल महाप्रबंधक ने पार्षद की मांगों पर सकारात्मक प्रतिक्रिया दी और शीघ्र कार्रवाई का आश्वासन दिया।
मौके पर चक्रधरपुर रेल मंडल के मंडल रेल प्रबंधक और सांसद प्रतिनिधि संजीव कुमार भी मौजूद रहे। डॉ. परमार ने दोनों वरिष्ठ अधिकारियों का धन्यवाद व्यक्त करते हुए कहा कि “यह पार्क जनता के लिए है, और इसकी देखभाल प्रशासन की प्राथमिकता होनी चाहिए।”



