धनबाद पुलिस ने छापेमारी कर कदमा निवासी आशीष सिंह को पकड़ा, आपस में हुई मारपीट
जमशेदपुर : रविवार को धनबाद पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए कदमा निवासी आशीष सिंह राजपूत को जमशेदपुर के डोबो पुल से हिरासत में लिया। आशीष पर हाल ही में धनबाद में हुई हवाई फायरिंग की घटना में शामिल होने का आरोप है।
सूत्रों के अनुसार, पुलिस काफी समय से उसकी तलाश में थी और जैसे ही उसे डोबो पुल क्षेत्र में देखा गया, उन्होंने तुरंत दबिश दी।
यह छापेमारी तब की गई जब भाजपा के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू के स्वागत कार्यक्रम का आयोजन चल रहा था। मौके पर धनबाद पुलिस सिविल ड्रेस में तैनात थी ताकि किसी को शक न हो।

गिरफ्तारी के बाद माहौल बिगड़ा, समर्थकों ने किया हंगामा
जैसे ही पुलिस ने आशीष को पकड़ा, वहां मौजूद उसके समर्थकों और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच झड़प शुरू हो गई।
सूत्र बताते हैं कि भाजपा नेता हरजीत उर्फ चिंटू सिंह पर हमला किया गया। घटना में लात-घूंसे चले, जिससे कुछ देर के लिए पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
स्थिति तनावपूर्ण होने पर स्थानीय पुलिस ने हस्तक्षेप कर भीड़ को शांत कराया।
गिरोह में अन्य सदस्य भी शामिल, तलाश जारी
धनबाद पुलिस के अनुसार, आशीष सिंह के साथ 4-5 अन्य युवक भी फायरिंग की घटना में शामिल थे, जिनकी पहचान कर ली गई है और अब उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
फिलहाल आशीष सिंह को धनबाद ले जाया गया है, जहां पूछताछ जारी है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि यह कोई संगठित गिरोह था या व्यक्तिगत रंजिश।



