डीएफओ सबा आलम अंसारी करेंगे देशभर से आए चित्रकारों का सम्मान, दलमा की खूबसूरती झलकेगी कैनवस पर

जमशेदपुर : शहर में कला और सृजन का संगम बने ‘अन्विति’ की राष्ट्रीय पेंटिंग वर्कशॉप का रविवार को भव्य समापन होगा।
संस्था की संस्थापक और प्रसिद्ध चित्रकार मुक्ता गुप्ता ने बताया कि समापन समारोह में जमशेदपुर के डीएफओ सबा आलम अंसारी बतौर मुख्य अतिथि मौजूद रहेंगे। इस दौरान वे देशभर से आए कलाकारों को स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित करेंगे।
इसके साथ ही अब तक कार्यशाला के दौरान बनाए गए चित्रों की प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी, जो दर्शकों के लिए कला का अद्भुत अनुभव साबित होगी।
दलमा वन्य अभयारण्य की सुंदरता बनी कलाकारों की प्रेरणा
मुक्ता गुप्ता ने बताया कि शनिवार को सभी कलाकारों ने दलमा वन्य अभयारण्य का भ्रमण किया। वहां की प्राकृतिक सुंदरता और हरियाली ने कलाकारों को नए रंग और भाव दिए, जिनकी झलक उनके रविवार को बन रहे चित्रों में देखने को मिलेगी।
उन्होंने कहा कि यह भ्रमण डीएफओ सबा आलम अंसारी की पहल पर कराया गया था, जिन्होंने इस पूरे आयोजन में अहम भूमिका निभाई।
कलाकारों के संवाद और अनुभवों का साझा मंच
मुक्ता गुप्ता ने कहा कि उनका उद्देश्य था कि देशभर के चित्रकार एक मंच पर एकत्र हों, कला की चुनौतियों पर विचार करें और एक-दूसरे के अनुभवों से सीखें।
उन्होंने बताया, “यह कार्यशाला कलाकारों के लिए न केवल सीखने का अवसर बनी, बल्कि उनके बीच संवाद और संबंधों को भी मजबूत किया।”
रविवार को दोपहर 12 बजे से प्रदर्शनी, प्रवेश निःशुल्क
रविवार यानी 9 नवंबर को होने वाले समापन समारोह के साथ ही दोपहर 12 बजे से चित्र प्रदर्शनी लगाई जाएगी।
यह प्रदर्शनी पायल सिनेमा रोड, मानगो स्थित वन विभाग के विश्राम गृह में आयोजित की जाएगी। आयोजकों ने बताया कि प्रदर्शनी में प्रवेश निःशुल्क रहेगा और दर्शक सीधे चित्रकारों से संवाद भी कर सकेंगे।



