AICC Media Talent Hunt अभियान में युवाओं की भागीदारी पर जोर
समाज में वैसे जानकार लोग जो चौक चौराहे पर डिबेट करते है उनको मीडिया पैनल में लाने की पहल
जमशेदपुर : अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) की पहल पर शुरू किए गए मीडिया टैलेंट हंट अभियान को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी के कार्यालय, तिलक पुस्तकालय बिष्टुपुर में प्रेस वार्ता आयोजित की गई। इस कार्यक्रम का संचालन जिला मीडिया प्रभारी एवं प्रवक्ता राजीव मिश्रा ने किया, जबकि अध्यक्षता जिलाध्यक्ष परविंदर सिंह ने की।
व्यापक स्तर पर युवाओं को जोड़ने की पहल
प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए कोल्हान प्रमंडल के समन्वयक अख्तर अली ने कहा कि एआईसीसी ने पूरे देश में मीडिया टैलेंट हंट के माध्यम से योग्य युवाओं को पार्टी की विचारधारा को सोशल मीडिया, प्रिंट मीडिया और टीवी डिबेट्स में सशक्त रूप से रखने के लिए अवसर देने का निर्णय लिया है।
उन्होंने बताया कि—
मीडिया टैलेंट हंट के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है।
आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 5 दिसंबर निर्धारित की गई है।
इच्छुक युवा जिला कांग्रेस कार्यालय, तिलक पुस्तकालय बिष्टुपुर में आवेदन जमा कर सकते हैं।
15 दिसंबर से साक्षात्कार प्रक्रिया
अख्तर अली ने आगे बताया कि सभी आवेदन पत्रों की जांच के बाद 15 दिसंबर से प्रदेश स्तर पर साक्षात्कार आयोजित किए जाएंगे। साक्षात्कार के दौरान आवेदकों से पार्टी विचारधारा, समसामयिक मुद्दों, अभिव्यक्ति क्षमता और मीडिया प्रस्तुति कौशल से जुड़े कई पहलुओं पर प्रश्न किए जाएंगे।
अंतिम चयन के बाद सफल प्रतिभागियों को मीडिया पैनलिस्ट के रूप में जिम्मेदारियां दी जाएंगी।
युवाओं को कांग्रेस के इतिहास से जोड़ने पर जोर
उन्होंने कहा कि चयनित प्रतिभागी न केवल कांग्रेस पार्टी की नीतियों और विचारों को जन-जन तक पहुंचाएंगे, बल्कि देश की आजादी के आंदोलन, राष्ट्रनिर्माण में कांग्रेस नेताओं की भूमिका और ऐतिहासिक तथ्यों को भी प्रमुखता से प्रस्तुत करेंगे।
कई पदाधिकारी हुए उपस्थित
प्रेस वार्ता के दौरान खगेन चंद्र महतो, संजय सिंह आजाद, शमशेर खान, अपर्णा गुहा, सोशल मीडिया चेयरमैन राजकुमार वर्मा, राजा सिंह राजपूत, सुल्तान अहमद, राकेश साहू, रजनीश सिंह, सोहेल खान, आशुतोष सिंह, ज्योति मिश्रा, प्रताप यादव, कौशल प्रधान और फिरोज खान सहित कई कांग्रेस नेता मौजूद रहे।



