
जमशेदपुर : द कैंटीन होटल रेस्टोरेंट वर्कर्स यूनियन की इकाई यूनाइटेड क्लब का चुनाव रविवार को शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी तरीके से संपन्न हुआ। चुनाव में श्री राकेश्वर पांडे को एक बार फिर यूनियन के अध्यक्ष पद पर निर्विरोध चुन लिया गया। उनके निर्विरोध निर्वाचन के बाद कर्मचारियों में उत्साह का माहौल रहा और कर्मचारियों ने उनका भव्य स्वागत करते हुए उनके नेतृत्व में पूरा विश्वास जताया।
बी.के. डिंडा कार्यकारी अध्यक्ष और ददन सिंह महासचिव चुने गए
चुनाव के दौरान श्री बी.के. डिंडा को कार्यकारी अध्यक्ष तथा श्री ददन सिंह को महासचिव पद के लिए निर्विरोध चुना गया। चुनाव प्रक्रिया को व्यवस्थित एवं निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने में चुनाव पदाधिकारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
श्री अंजनी कुमार ने चुनाव पदाधिकारी के रूप में जिम्मेदारी संभाली, जबकि श्री संजय कुमार सिंह सहायक चुनाव पदाधिकारी और श्री सुब्रत देव पर्यवेक्षक के रूप में मौजूद रहे। कमेटी मेंबरों के चुनाव के लिए सीक्रेट बैलेट पेपर का इस्तेमाल किया गया और मतदान के बाद परिणामों की घोषणा की गई।
चार कमेटी मेंबरों ने हासिल की जीत
कमेटी मेंबर पद के लिए हुए चुनाव में कर्मचारियों ने मतदान के माध्यम से अपने प्रतिनिधियों का चयन किया। चुनाव परिणाम में क्रमशः श्री दिनेश कुमार पांडे, श्री राजू सोना, श्री सुभाष जेना और श्री माधव हरपाल ने जीत हासिल की।
चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद कर्मचारियों ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों और कमेटी मेंबरों का स्वागत किया तथा उम्मीद जताई कि नई कमेटी कर्मचारियों से जुड़े मुद्दों को प्रभावी ढंग से प्रबंधन के समक्ष रखकर उनका समाधान कराने में सफल होगी।

कर्मचारियों ने अध्यक्ष के समक्ष रखे प्रमुख मुद्दे
नवनिर्वाचित अध्यक्ष श्री राकेश्वर पांडे के प्रति कर्मचारियों ने पूर्ण निष्ठा और विश्वास व्यक्त किया। कर्मचारियों ने उनसे आग्रह किया कि वे प्रबंधन के साथ बातचीत कर लंबे समय से जुड़े कर्मचारी हितों के मुद्दों को प्राथमिकता के आधार पर सुलझाने का प्रयास करें।
कर्मचारियों की ओर से प्रमुख रूप से जॉब पर जॉब, कर्मचारी वार्ड की बहाली, वरिष्ठ कर्मचारियों के प्रमोशन, क्वार्टर से संबंधित मेंटेनेंस चार्ज और इस वर्ष के बोनस को बेहतर से बेहतर कराने जैसे मुद्दे उठाए गए।
कर्मचारियों ने उम्मीद जताई कि यूनियन नेतृत्व इन विषयों को प्रबंधन के समक्ष मजबूती से रखेगा और आपसी बातचीत के माध्यम से समाधान का रास्ता निकाला जाएगा।

कर्मचारियों के हितों के साथ क्लब की प्रगति पर जोर
इस अवसर पर अध्यक्ष राकेश्वर पांडे ने कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा कि यूनाइटेड क्लब शहर के प्रतिष्ठित क्लबों में शामिल है। उन्होंने कहा कि क्लब का प्रबंधन टाटा स्टील के वरिष्ठ पदाधिकारियों द्वारा देखा जाता है और क्लब की प्रगति के साथ कर्मचारियों की प्रगति भी महत्वपूर्ण है।
उन्होंने कहा कि क्लब के सदस्यों को बेहतर से बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराना प्रबंधन और कर्मचारियों दोनों की जिम्मेदारी है। उन्होंने कर्मचारियों से अपील की कि वे क्लब की कार्यप्रणाली और सेवाओं को और बेहतर बनाने में अपना सहयोग दें, ताकि क्लब की प्रतिष्ठा बढ़ने के साथ कर्मचारियों के जीवन स्तर में भी सकारात्मक विकास हो सके।
स्वच्छ और पारदर्शी चुनाव के लिए जताया आभार
कार्यक्रम के अंत में कर्मचारियों ने स्वच्छ, निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से चुनाव संपन्न कराने के लिए अध्यक्ष श्री राकेश्वर पांडे, चुनाव पदाधिकारी, सहायक चुनाव पदाधिकारी, पर्यवेक्षक तथा प्रबंधन के प्रति आभार व्यक्त किया।
कर्मचारियों ने चुनाव प्रक्रिया में सहयोग देने वाले सभी लोगों को धन्यवाद दिया। इसके साथ ही सभा की समाप्ति की घोषणा की गई।






