बंगाल चुनाव परिणाम पर विधायक सरयू राय की प्रतिक्रिया
“भाजपा की जीत राष्ट्रवादी ताक़तों की विजय, पूर्वी सीमा होगी मजबूत”
जमशेदपुर : जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में भाजपा की प्रचंड जीत पर प्रतिक्रिया देते हुए इसे राष्ट्रवादी विचारधारा की बड़ी विजय बताया है। उन्होंने कहा कि इस परिणाम से देश की पूर्वी सीमाओं की सुरक्षा और अधिक सुदृढ़ होगी तथा घुसपैठ जैसी समस्याओं पर प्रभावी नियंत्रण संभव हो सकेगा।
सरयू राय ने अपने बयान में कहा कि माँ काली की भूमि पश्चिम बंगाल में सनातन संस्कृति को कमजोर करने का प्रयास करने वाली शक्तियों का मनोबल इस चुनाव परिणाम से टूटा है। उन्होंने इसे सांस्कृतिक और वैचारिक स्तर पर भी महत्वपूर्ण बदलाव का संकेत बताया।
“बंगाल की सोच देश की दिशा तय करती है”
उन्होंने प्रचलित कहावत का उल्लेख करते हुए कहा कि “बंगाल आज जो सोचता है, भारत कल उसे अपनाता है।” उनके अनुसार, बंगाल ने इस चुनाव के माध्यम से अपनी स्पष्ट सोच सामने रख दी है, और अब इसे मूर्त रूप देने की जिम्मेदारी देश के अन्य हिस्सों पर है।




