
जिला परिषद सदस्य डॉ कविता परमार योजना प्रारंभ करवाने के लिए गंभीर
निरीक्षण के बाद बढ़ी उम्मीद, तय समयसीमा पर जोर

जमशेदपुर : बागबेड़ा क्षेत्र में बहुप्रतीक्षित वृहद जलापूर्ति योजना को लेकर अब राहत भरी खबर सामने आई है। शुक्रवार, 27 मार्च को जिला पार्षद डॉक्टर कविता परमार के नेतृत्व में योजना के शेष कार्यों की प्रगति का विस्तृत निरीक्षण किया गया। इस दौरान विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ कई महत्वपूर्ण स्थलों का दौरा कर कार्यों की स्थिति का जायजा लिया गया।
पिछले सप्ताह उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी से हुई बैठक के बाद यह निर्णय लिया गया था कि कार्य की नियमित मॉनिटरिंग की जाएगी, ताकि तय समयसीमा के भीतर परियोजना को पूरा किया जा सके। इसी कड़ी में यह निरीक्षण दौरा आयोजित किया गया।
बड़ौदा घाट पर पाइपलाइन कार्य का निरीक्षण
निरीक्षण की शुरुआत बागबेड़ा के बड़ौदा घाट से हुई, जहां नदी के ऊपर से पाइपलाइन बिछाने का कार्य जारी है। कार्यपालक अभियंता सुनील कुमार ने जानकारी दी कि इस महत्वपूर्ण हिस्से का काम अगले दो सप्ताह में पूरा कर लिया जाएगा। यह चरण परियोजना के लिए बेहद अहम माना जा रहा है।

सापड़ा (आदित्यपुर) में इंटक वेल लगभग तैयार
इसके बाद टीम सापड़ा, आदित्यपुर पहुंची, जहां इंटक वेल का निर्माण किया गया है। यहां मोटर इंस्टॉलेशन और बिजली से जुड़े अधिकांश कार्य पूरे हो चुके हैं। अधिकारियों ने बताया कि शेष पाइप कनेक्शन का काम एक सप्ताह के भीतर पूरा कर लिया जाएगा।
इंटक वेल से गिद्दी झोपड़ी तक लगभग 15 किलोमीटर लंबी पाइपलाइन बिछाई जा रही है। इस दौरान कई तकनीकी और भौगोलिक चुनौतियों को पार किया जा चुका है। हालांकि, दो-तीन स्थानों पर मामूली समस्याएं हैं, जिन्हें अगले सप्ताह तक सुलझाने का भरोसा दिया गया है।
10 दिनों में शुरू होगी हाइड्रोटेस्टिंग
कार्यपालक अभियंता सुनील कुमार के अनुसार, अगले 10 दिनों के भीतर हाइड्रोटेस्टिंग का काम शुरू कर दिया जाएगा। यह प्रक्रिया पूरी होने के बाद जलापूर्ति शुरू करने की दिशा में तेजी आएगी।
जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में हुआ निरीक्षण
इस निरीक्षण दौरे में मुखिया राजकुमार गौड़, पंचायत समिति सदस्य राजू सिंह, झरना मिश्रा, अभिषेक उपाध्याय, कनीय अभियंता सहित अन्य विभागीय अधिकारी मौजूद रहे। सभी ने अलग-अलग साइट्स का निरीक्षण कर प्रगति की समीक्षा की।

हर सप्ताह होगी मॉनिटरिंग : डॉ कविता परमार
डॉ. कविता परमार ने कहा कि निरीक्षण के बाद परियोजना को लेकर उम्मीद बढ़ी है। उन्होंने विश्वास जताया कि इस भीषण गर्मी से पहले ही लोगों को पानी की आपूर्ति शुरू कर दी जाएगी। उन्होंने यह भी बताया कि हर सप्ताह इसी तरह साइट विजिट कर कार्यों की समीक्षा की जाएगी और रिपोर्ट उपायुक्त को सौंपी जाएगी।






