
दीप प्रज्ज्वलन और गणेश वंदना से हुआ शुभारंभ
जमशेदपुर : ग्रेजुएट कॉलेज के सेमिनार हॉल में होली-मिलन समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत पारंपरिक दीप प्रज्ज्वलन और गणेश वंदना के साथ हुई, जिससे पूरे सभागार में उत्सव का आध्यात्मिक और सकारात्मक वातावरण निर्मित हो गया।
समारोह की मुख्य अतिथि कॉलेज की प्राचार्या वीणा सिंह प्रियदर्शी थीं। उनका स्वागत डॉ. सविता मिश्रा और डॉ. संगीता बिरूवा ने पुष्पगुच्छ भेंट कर किया। अपने संबोधन में प्राचार्या ने कहा कि होली केवल रंगों का पर्व नहीं, बल्कि बुराई पर अच्छाई की विजय का प्रतीक है। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि यह पर्व रबी फसलों की कटाई के समय आता है, जिससे समाज में समृद्धि, हर्ष और उल्लास का संचार होता है।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां
स्वागत भाषण प्रोफेसर प्रतिमा सिंहा ने दिया, जबकि विषय प्रवेश हिंदी विभागाध्यक्ष डॉ. भारती कुमारी ने कराया। कार्यक्रम का संचालन मोनिका और श्रुति ने सधे हुए अंदाज में किया। धन्यवाद ज्ञापन संस्कृत विभागाध्यक्ष डॉ. अर्चना सिंहा द्वारा प्रस्तुत किया गया।
समारोह के दौरान छात्राओं ने पारंपरिक होली गीतों पर मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। रंग-बिरंगे परिधानों और लोकधुनों पर आधारित प्रस्तुतियों ने सभी का मन मोह लिया।
शांतिनिकेतन के वसंत उत्सव की झलक
कार्यक्रम का विशेष आकर्षण शांतिनिकेतन में मनाए जाने वाले वसंत उत्सव की झलक रही। ग्रेजुएट कॉलेज की शिक्षिकाएं डॉ. दीप्ति और डॉ. अरुंधति ने छात्राएं स्नेहा और प्रीति के साथ मिलकर मन को झूमने पर मजबूर कर देने वाला नृत्य प्रस्तुत किया। इस प्रस्तुति ने दर्शकों को सांस्कृतिक परंपरा और वसंत की मादकता से रूबरू कराया।

फूड स्टॉल बने आकर्षण का केंद्र
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण छात्राओं द्वारा लगाए गए फूड स्टॉल रहे। विभिन्न स्वादिष्ट व्यंजनों से सजे इन स्टॉल्स पर शिक्षकों और छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भागीदारी की और पारंपरिक पकवानों का आनंद लिया।
पूरे समारोह के दौरान रंग, उमंग और आपसी सौहार्द की झलक देखने को मिली। कार्यक्रम में सभी शिक्षक एवं छात्राएं उपस्थित रहे। होली-मिलन समारोह ने कॉलेज परिसर में भाईचारे, सांस्कृतिक समृद्धि और उत्सवी एकता का संदेश दिया।






