
मानगो में गंदगी के आरोपों पर सरयू राय का तीखा पलटवार
जमशेदपुर : जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने मानगो में कचरा व्यवस्था को लेकर लगाए जा रहे आरोपों पर पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता पर करारा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि “जिस सरकार में बन्ना गुप्ता मंत्री थे, उसी सरकार ने सोनारी में नदी किनारे कचरा गिराने पर रोक लगाई थी। इसके बावजूद आज वही लोग दूसरों पर दोष मढ़ने की कोशिश कर रहे हैं।”
सरयू राय का पलटवार
कम अक़्ल को सलाह देने के बदले दो पैसा दे देना बेहतर होता है!
मोहल्लों और गलियों में कचरा जमने के लिए असल दोषी कौन है, बन्ना बताएं
ग़लतबयानी के अल्पज्ञान के लिए सार्वजनिक तौर पर माफ़ी मांगें बन्ना गुप्ता
मेयर पति बनने के ख़्वाब में ग़लतबयानी: सरयू राय
प्रेस कॉन्फ्रेंस में तथ्यों को तोड़-मरोड़ कर पेश करने का आरोप
जारी बयान में सरयू राय ने कहा कि किसी “अधकचरे लेकिन उर्वर मस्तिष्क” ने पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता को यह सलाह दे दी कि सोनारी के मरीन ड्राइव से सटे भूखंड पर मानगो का कचरा डंप होना सरयू राय की वजह से रुका, और इसी कारण मानगो की गलियों में गंदगी फैल रही है।
उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि “मेयर पति बनने के ख़्वाब में डूबे बन्ना गुप्ता ने बिना सोचे-समझे इस ग़लत सलाह को प्रेस कॉन्फ्रेंस में जोर-शोर से परोस दिया।”
क्या है पूरा मामला: एनजीटी के आदेश से रुका था कचरा डंप
सोनारी में कचरे का पहाड़ और प्रदूषण बना था गंभीर समस्या
सरयू राय ने स्पष्ट किया कि सच्चाई यह है कि मानगो नगर निगम और जेएनएसी का कचरा लंबे समय तक सोनारी मरीन ड्राइव के पास टाटा स्टील के खाली भूखंड पर फेंका जा रहा था। वहां कचरे का पहाड़ खड़ा हो गया था और उसमें आग लगने से पूरे सोनारी क्षेत्र में भीषण प्रदूषण फैल गया था।
स्थानीय नागरिकों ने जमशेदपुर से लेकर रांची तक अधिकारियों के दरवाजे खटखटाए, लेकिन कोई समाधान नहीं निकला। इसके बाद क्षेत्र के वरिष्ठ नागरिक के.एस. उपाध्याय ने नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल (एनजीटी) में मुकदमा दायर किया
एनजीटी की फटकार और आदेश
सरकार को कचरा हटाने और डंप बंद करने का निर्देश
इस मामले में सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता संजय उपाध्याय ने एनजीटी में सोनारी के नागरिकों का पक्ष रखा। सुनवाई के दौरान सरकारी पक्ष संतोषजनक जवाब नहीं दे पाया, जिसके बाद एनजीटी ने कड़ी फटकार लगाते हुए आदेश दिया कि—
उक्त स्थान पर कचरा गिराना तुरंत बंद किया जाए
कचरे में लगी आग बुझाई जाए
वहां से पूरा कचरा हटाया जाए
उसी सरकार ने लगाई थी रोक, जिसमें बन्ना थे मंत्री
अब जिम्मेदारी से भाग क्यों रहे हैं?: सरयू राय
सरयू राय ने कहा कि जिस समय यह कार्रवाई हुई, उस वक्त बन्ना गुप्ता उसी सरकार में मंत्री थे।
उसी सरकार ने वहां कचरा गिराने पर रोक लगाई, आग बुझाई और कई करोड़ रुपये का टेंडर निकालकर कचरा हटवाया।
उन्होंने सवाल उठाया—
“अगर उसी निर्णय के बाद मानगो की गलियों और मोहल्लों में कचरा जमा है, तो इसके लिए कौन जिम्मेदार है? सफाई ठेकेदार या प्रशासन? या फिर अब दूसरों पर दोष मढ़ना आसान रास्ता है?”
सार्वजनिक माफी की मांग, ग़लतबयानी के लिए जवाबदेही तय हो
सरयू राय ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि बन्ना गुप्ता या तो सच बताएं कि मानगो में गंदगी के लिए कौन जिम्मेदार है,
या फिर ग़लतबयानी और अल्पज्ञान के लिए सार्वजनिक रूप से माफी मांगें।





