
पूर्व मुख्यमंत्री ने केंद्र सरकार के बजट को बताया हर वर्ग को सशक्त बनाने वाला
जमशेदपुर : झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने केंद्र सरकार द्वारा प्रस्तुत बजट की सराहना करते हुए इसे लोक कल्याणकारी और विकसित भारत के निर्माण की दिशा में एक दूरदर्शी बजट करार दिया है। उन्होंने कहा कि यह बजट देश की सामाजिक और आर्थिक संरचना को मजबूती देने वाला है तथा हर वर्ग के सशक्तिकरण का स्पष्ट रोडमैप प्रस्तुत करता है।
गांव से लेकर मध्यम वर्ग तक को सशक्त करने पर फोकस
पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि इस बजट में गांव, गरीब, किसान, नौजवान, नारी शक्ति, आदिवासी, दलित, पिछड़ा, अत्यंत पिछड़ा वर्ग के साथ-साथ मध्यम वर्ग और अत्यंत मध्यम वर्ग की जरूरतों को विशेष रूप से ध्यान में रखा गया है। बजट के प्रावधान इन वर्गों को आर्थिक रूप से मजबूत, आत्मनिर्भर और सक्षम बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं।
उन्होंने कहा कि यह बजट केवल आर्थिक दस्तावेज नहीं, बल्कि समावेशी विकास और सामाजिक न्याय का संकल्प है, जो देश को आने वाले वर्षों में विकसित राष्ट्र की श्रेणी में स्थापित करने की क्षमता रखता है।
प्रधानमंत्री और वित्त मंत्री को दी बधाई
रघुवर दास ने इस जनहितकारी बजट के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को झारखंड की चार करोड़ जनता की ओर से हार्दिक बधाई और साधुवाद दिया। उन्होंने विश्वास जताया कि यह बजट देश की अर्थव्यवस्था को नई ऊंचाई देगा और आम नागरिकों के जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव लाएगा।





