
भुइंयाडीह बर्निंग घाट पर पूरे सैन्य सम्मान के साथ हुआ अंतिम संस्कार
जमशेदपुर : राहरगोड़ा निवासी सूबेदार प्रणय कुमार शर्मा का अंतिम संस्कार मंगलवार को भुइंयाडीह बर्निंग घाट पर पूरे सैन्य सम्मान के साथ संपन्न हुआ। इस दौरान माहौल अत्यंत भावुक रहा। सेना, पूर्व सैनिकों, परिजनों और शहरवासियों ने नम आंखों से वीर सपूत को अंतिम विदाई दी।
उनके निवास स्थान से पुलिस पीसीआर वैन की अगुआई में सेना की गाड़ी द्वारा पार्थिव शरीर को बर्निंग घाट लाया गया। इस दौरान परिजन, समाज के लोग और बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक साथ-साथ मौजूद रहे।

गार्ड ऑफ ऑनर के साथ दी गई अंतिम विदाई
भुइंयाडीह घाट पर भारतीय सेना की ओर से गार्ड ऑफ ऑनर देकर सूबेदार प्रणय कुमार शर्मा को अंतिम सलामी दी गई।
आर्मी यूनिट एवं स्टेशन हेडक्वार्टर के प्रतिनिधि लेफ्टिनेंट यू. केशव एवं लेफ्टिनेंट हर्षवर्धन ने पुष्पचक्र अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
पूर्व सैनिकों ने पुष्पचक्र अर्पित कर दी श्रद्धांजलि
पूर्व सैनिक सेवा परिषद की ओर से
सुशील कुमार सिंह, प्रमोद कुमार दास, रमेश शर्मा, प्रमोद कुमार, हंसराज सिंह, अजय कुमार, राजीव कुमार, ओम प्रकाश, अनिल सिन्हा एवं गौतम लाल सहित अन्य पूर्व सैनिकों ने संयुक्त रूप से पुष्पचक्र अर्पित कर अपने सैनिक साथी को अंतिम विदाई दी।
11 वर्षीय बेटी प्राची ने दी मुखाग्नि, हर आंख हुई नम
अंतिम संस्कार के दौरान एक अत्यंत मार्मिक क्षण तब आया, जब सूबेदार प्रणय कुमार शर्मा की 11 वर्षीय बेटी प्राची ने अपने पिता को मुखाग्नि दी। यह दृश्य देखकर वहां मौजूद हर व्यक्ति की आंखें नम हो गईं।


सेवानिवृत्ति के दिन ही हुआ आकस्मिक निधन
परिजनों ने बताया कि आज ही सूबेदार प्रणय कुमार शर्मा का सेना से सेवानिवृत्त होना था, लेकिन इससे पहले ही रुड़की सेंटर में उनका आकस्मिक निधन हो गया। यह खबर सुनते ही पूरे परिवार और शहर में शोक की लहर दौड़ गई।
‘भारत माता की जय’ और ‘भारतीय सेना जिंदाबाद’ से गूंजा शहर
लौह नगरी जमशेदपुर के सैकड़ों देशभक्तों ने अंतिम यात्रा में शामिल होकर
भारत माता की जय,
भारतीय सेना जिंदाबाद,
सूबेदार प्रणय कुमार शर्मा अमर रहें
जैसे नारों के साथ वीर सपूत को अंतिम विदाई दी। पूरे रास्ते देशभक्ति का माहौल बना रहा।





